लाहौर वनडे: रोमांचक जीत के बाद हारिस रऊफ और इंग्लैंड टीम पर ICC का एक्शन, लगा जुर्माना
लाहौर में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक वनडे मैच का अंत मैदान पर हुई तनातनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ हारिस रऊफ…
लाहौर में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक वनडे मैच का अंत मैदान पर हुई तनातनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ हारिस रऊफ पर मैदान में गलत व्यवहार के लिए और इंग्लैंड की पूरी टीम पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दोनों पक्षों ने अपनी गलतियां स्वीकार कर ली हैं, जिसके बाद किसी औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 46वें ओवर के बाद हुई, जब नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े हारिस रऊफ ने एक वाइड बॉल की अपील की। इसके बाद उनकी इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स से कहासुनी हो गई। बहस के दौरान रऊफ ने अपना बल्ला उठाया और अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी को नज़रअंदाज़ करते हुए जैक्स की ओर बढ़ते हुए अंपायर को धक्का दे दिया।
हारिस रऊफ पर दोहरी कार्रवाई
ICC ने पुष्टि की है कि रऊफ ने आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है, जो खेल भावना के विरुद्ध व्यवहार से संबंधित है। इस वजह से उन पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक आधिकारिक फटकार भी मिली है। इसके साथ ही, उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। 24 महीने की अवधि में यह उनकी तीसरी गलती थी, जिसके कारण उनके कुल डिमेरिट पॉइंट अब पांच हो गए हैं।
धीमे ओवर-रेट के लिए इंग्लैंड को सज़ा
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम को भी निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे न कर पाने का खामियाजा भुगतना पड़ा। टीम तय समय से तीन ओवर पीछे थी। ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, जो न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित है, इंग्लैंड के खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। नियम के मुताबिक, हर एक ओवर कम फेंकने पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगता है।
ऑन-फील्ड अंपायर राशिद रियाज और शरफुद्दौला, तीसरे अंपायर वेन नाइट्स और चौथे अंपायर नासिर हुसैन ने ये आरोप लगाए थे। मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा तय की गई इन सजाओं को रऊफ और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्वीकार कर लिया। गौरतलब है कि यह करीबी मुकाबला पाकिस्तान ने एक विकेट से जीता था, जिसमें शादाब खान ने नाबाद शतक लगाया था। शादाब ने रऊफ के साथ आखिरी विकेट के लिए 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की थी।
इनपुट: IANS


