WPL 2027 ऑक्शन: खिताब बचाने की तैयारी में RCB, टीम की कमियों पर कोच रंगराजन का फोकस
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीज़न में एक बड़ा लक्ष्य लेकर उतरने वाली है। टीम का इरादा न सिर्फ अपने खिताब को बचाना है, बल्कि लगातार दूसरी और…
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीज़न में एक बड़ा लक्ष्य लेकर उतरने वाली है। टीम का इरादा न सिर्फ अपने खिताब को बचाना है, बल्कि लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर एक नया इतिहास बनाना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए RCB प्रबंधन ने WPL 2027 की नीलामी में अपनी टीम की कमियों को दूर करने की रणनीति बनाई है।
टीम के हेड कोच मलोलन रंगराजन ने बताया कि नीलामी के ज़रिए टीम को और मज़बूत किया जाएगा। RCB इस ऑक्शन में 1.15 करोड़ रुपये के पर्स के साथ उतरेगी और उसे अपनी टीम में पांच खिलाड़ियों की जगह भरनी है।
ऑक्शन की तैयारी और टीम का लक्ष्य
रंगराजन ने WPL के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा एक वीडियो में कहा, "आप देखते हैं कि आपने पिछले साल लीग में क्या अच्छा किया था, आप यह समझने की कोशिश करते हैं कि पिछले साल लीग कैसे डेवलप हुई है और आपको अपनी टीम में कमियां मिलती हैं और आप लगातार सुधार करने की कोशिश करते हैं। इसकी प्रक्रिया जारी है।" उन्होंने यह भी बताया कि ऑक्शन की तैयारी महीनों पहले, वडोदरा में WPL 2026 की जीत के तुरंत बाद ही शुरू हो गई थी।
अपने लक्ष्य पर ज़ोर देते हुए कोच ने कहा, "डब्ल्यूपीएल का अगला सीजन जनवरी में आ रहा है और अब हम बस यही देख रहे हैं कि हम अपनी टीम को कैसे बेहतर बना सकते हैं। हमारे पास तीन चैंपियनशिप जीतने वाली पहली टीम और बैक-टू-बैक (विजेता) बनने का अवसर है।"
पेरी की वापसी और स्मृति को बधाई
RCB की दावेदारी को ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑल-राउंडर एल्सी पेरी की वापसी से और मज़बूती मिलेगी, जो पिछले सीज़न में निजी कारणों से नहीं खेल पाई थीं। रंगराजन ने कहा, "पेरी, हमारी टीम का बहुत जरूरी हिस्सा हैं।...हमारी टीम में उनकी वापसी से हमें बहुत बढ़ावा मिलेगा।"
इसके अलावा, हेड कोच ने RCB की कप्तान स्मृति मंधाना को भारतीय टीम की पूर्णकालिक कप्तान बनने पर बधाई दी। उन्होंने इसे RCB के लिए गर्व का पल बताते हुए कहा, "स्मृति इसकी हकदार हैं। मुझे लगता है कि वह भारतीय क्रिकेट की बहुत कीमती सेवक रही हैं।"
इनपुट: IANS


