शनिवार, 1 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत युवा महिला क्रिकेटरों के लिए बनेगी प्रेरणा: अंडर-19 कप्तान निकी प्रसाद

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में भारतीय महिला टीम की टेस्ट जीत को अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान निकी प्रसाद ने युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है। उनका मानना है कि इस तरह की जीत उन सभी…

लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत युवा महिला क्रिकेटरों के लिए बनेगी प्रेरणा: अंडर-19 कप्तान निकी प्रसाद
(फोटो: IANS)

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में भारतीय महिला टीम की टेस्ट जीत को अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान निकी प्रसाद ने युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है। उनका मानना है कि इस तरह की जीत उन सभी युवा क्रिकेटरों में नया जोश भरेगी जो राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने इस जीत के महत्व और भारत में रेड-बॉल क्रिकेट के भविष्य पर अपनी राय रखी।

निकी प्रसाद ने कहा, "मुझे लगता है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इतना अच्छा क्रिकेट खेलते और जीतते हुए देखना प्रेरणा देने वाला था।" उन्होंने इस जीत को इसलिए भी खास बताया क्योंकि यह टी20 सीरीज के ठीक बाद मिली। प्रसाद ने कहा, "टी20 के बाद टेस्ट मैचों के हिसाब से ढलना काफी मुश्किल होता है। भारत में हम बहुत ज्यादा रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेलते हैं।"

शानदार प्रदर्शन और बदलते हालात

निकी ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह भारतीय टीम ने खुद को इंग्लैंड के हालात में ढाला, वह काबिले तारीफ था। उन्होंने शबनम शक़ील (गौड़) के 5 विकेट और यास्तिका भाटिया के शतक का जिक्र करते हुए कहा, "एक युवा क्रिकेटर के तौर पर ऐसा प्रदर्शन और ऐतिहासिक जीत को देखना काफी रोमांचक और प्रेरणादायी था।"

प्रसाद का मानना है कि भारत में अब धीरे-धीरे रेड-बॉल क्रिकेट को बढ़ावा मिल रहा है, जिसके नतीजे दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भारत में, हमें धीरे-धीरे बहुत सारे रेड-बॉल टूर्नामेंट मिलने लगे हैं। घरेलू क्रिकेट में सीनियर मल्टी-डे टूर्नामेंट भी जोड़ा गया है। जब सीओई में कैंप होते हैं, तब भी वे हमें रेड-बॉल क्रिकेट खेलने के लिए सक्षम बनाते हैं। इसके परिणाम भी मिलने लगे हैं। लॉर्ड्स में जीत इसका ताजा उदाहरण है।"

आने वाले व्यस्त महीने और तैयारी

निकी प्रसाद ने अपने भविष्य के कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले छह महीने उनके लिए काफी व्यस्त रहेंगे, जिसकी शुरुआत अगस्त में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में एक महीने के टारगेटेड कैंप से होगी। उन्होंने कहा, "यह पूरे एक महीने का कैंप है। मुझे लगता है कि उस कैंप में टी20, वन-डे और टेस्ट मैच खेलने की आदत हो जाएगी। यह डोमेस्टिक या महिला प्रीमियर लीग और इंडिया ए सीरीज के लिए वाकई एक अच्छी तैयारी होगी।"

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →