लखनऊ की पूर्वा धवन ने फतह की रुद्रगैरा चोटी, अब दुनिया के शिखर माउंट एवरेस्ट पर नज़र
लखनऊ की युवा पर्वतारोही पूर्वा धवन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड की 5,826 मीटर ऊंची रुद्रगैरा चोटी पर तिरंगा फहराया है। बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम और मुश्किल रास्तों का सामना करते हुए…
लखनऊ की युवा पर्वतारोही पूर्वा धवन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड की 5,826 मीटर ऊंची रुद्रगैरा चोटी पर तिरंगा फहराया है। बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम और मुश्किल रास्तों का सामना करते हुए पूर्वा 10 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे शिखर पर पहुंचीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अभियान के पीछे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली प्रेरणा और 'बेटी बढ़ाओ-बेटी पढ़ाओ' का संदेश भी है।
पूर्वा ने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार के सहयोग और मुख्यमंत्री की प्रेरणा को दिया है। मई 2018 में उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, जिन्होंने उन्हें शुभकामनाएं देकर उनका हौसला बढ़ाया था। पूर्वा का कहना है कि मुख्यमंत्री से मिला यही प्रोत्साहन उनके हर अभियान की ऊर्जा बनता है।
चुनौतियों से भरा 8.5 घंटे का सफर
यह चढ़ाई आसान नहीं थी। पूर्वा ने अपने गाइड शैलेश सेमवाल और बिहारी सिंह राणा के साथ 7 सितंबर को गंगोत्री से ट्रेक शुरू किया था। दो दिन बाद टीम 4,350 मीटर की ऊंचाई पर बेस कैंप पहुंची। 10 सितंबर की सुबह 4 बजे शिखर के लिए अंतिम चढ़ाई शुरू हुई।
टीम ने लगभग साढ़े आठ घंटे की लगातार चढ़ाई में करीब 1,300 मीटर की ऊंचाई तय की। इस दौरान उन्हें खड़ी बर्फ, चट्टानी हिस्सों, कम ऑक्सीजन और शारीरिक थकान जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
पर्वतारोहण के साथ पर्यावरण का संदेश
पूर्वा धवन का लक्ष्य सिर्फ चोटियों को फतह करना नहीं, बल्कि हिमालय को स्वच्छ रखने का संदेश देना भी है। वह 'पीक्स एंड प्लास्टिक' पहल के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे के खिलाफ जागरूकता फैला रही हैं। उनका मानना है कि हिमालय को स्वच्छ और सुरक्षित रखना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। इस सफलता के बाद अब पूर्वा की निगाहें दुनिया की सबसे ऊंची चोटी, 8,848.86 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर टिकी हैं।
इनपुट: IANS


