न्यूजीलैंड क्रिकेट को बड़ा झटका, बैटिंग कोच ल्यूक रोंची ने छोड़ा पद, अब संभालेंगे BBL टीम की कमान
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न रेनेगेड्स टीम के मुख्य कोच की नई भूमिका संभालेंगे…
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न रेनेगेड्स टीम के मुख्य कोच की नई भूमिका संभालेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रोंची का न्यूजीलैंड टीम के साथ सफर अक्टूबर में होने वाले भारत दौरे के बाद समाप्त हो जाएगा।
रोंची ने 2020 में पीटर फुल्टन की जगह टीम के पूर्णकालिक बल्लेबाजी कोच का पद संभाला था। अपने इस कार्यकाल को उन्होंने 'सपने के सच होने जैसा' बताया। उन्होंने कहा, "इतने वर्षों तक खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के साथ काम करने का मौका मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। मेरा लक्ष्य हमेशा टीम के बल्लेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करना रहा।"
रोंची के कार्यकाल की बड़ी सफलताएँ
ल्यूक रोंची के मार्गदर्शन में न्यूजीलैंड की टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। टीम ने 2021 में पहली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीती। इसके अलावा, टीम 2021 और 2026 में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंची। इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी धरती पर 2-1 से वनडे सीरीज में हराया था और जून में इंग्लैंड को उसी के घर में 2-1 से टेस्ट सीरीज में शिकस्त दी थी।
कप्तान ने की जमकर तारीफ
न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टॉम लाथम ने रोंची के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें टीम का एक अहम सदस्य बताया। लाथम ने कहा, "पहले एक खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में उन्होंने टीम की संस्कृति को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी कोचिंग में कई खिलाड़ियों के खेल में सुधार आया।" उन्होंने यह भी कहा कि टीम रोंची को याद करेगी, लेकिन उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं देती है। गौरतलब है कि रोंची उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड, दोनों देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है।
इनपुट: IANS


