महिला एशिया कप 2026: भारत की जीत का दारोमदार इन 5 धुरंधर खिलाड़ियों के कंधों पर
महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत के साथ ही भारतीय टीम की दावेदारी पर सबकी नज़रें टिक गई हैं। टीम इंडिया शुक्रवार, 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज़ करेगी। इस बड़े टूर्नामेंट में कुछ…
महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत के साथ ही भारतीय टीम की दावेदारी पर सबकी नज़रें टिक गई हैं। टीम इंडिया शुक्रवार, 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज़ करेगी। इस बड़े टूर्नामेंट में कुछ भारतीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से मैच का रुख पलटने का माद्दा रखती हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट में ऐसे ही पांच प्रमुख खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और टीम के लिए उनकी अहमियत का विश्लेषण किया गया है।
बल्लेबाजी की मजबूत तिकड़ी
टीम की बल्लेबाजी का स्तंभ उप-कप्तान स्मृति मंधाना हैं, जिनका अनुभव और शानदार फॉर्म टीम के लिए बेहद अहम होगा। साल 2026 में अब तक खेले 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 134 की स्ट्राइक रेट से 436 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल हैं। वहीं, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा अपनी आक्रामक शैली से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकती हैं। इस साल 16 टी20 मुकाबलों में 146 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाकर वह अपनी बेहतरीन लय में हैं। मध्यक्रम में ऋचा घोष टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकती हैं। उन्होंने 16 मैचों में 146 की स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरने की उनकी क्षमता भारत के लिए फायदेमंद होगी। जेमिमा रोड्रिग्स की अनुपस्थिति में उन्हें ऊपरी क्रम में भी मौका मिल सकता है।
गेंदबाजी में इन पर दारोमदार
गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर सबकी निगाहें होंगी। अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से उन्होंने हाल के दिनों में हर फॉर्मेट में प्रभावित किया है और वह विपक्षी बल्लेबाजों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर सकती हैं। चूंकि यह टूर्नामेंट यूएई में हो रहा है, जहाँ स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है, ऐसे में श्री चरणी अपनी फिरकी गेंदों से कमाल दिखा सकती हैं। 2026 में खेले गए 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 6.89 की किफायती इकॉनमी रेट से 27 विकेट चटकाए हैं, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।
इनपुट: IANS


