एशिया कप 2026: पुरानी हार से सबक लेकर भारतीय महिला टीम ने जीता 8वां खिताब, कोच ने खोला जीत का राज़
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने इस शानदार जीत का श्रेय दो साल पहले इसी…
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने इस शानदार जीत का श्रेय दो साल पहले इसी टूर्नामेंट के फाइनल में मिली हार से सीख लेने की क्षमता को दिया है। उनके मुताबिक, मजबूत टीमें अपनी पिछली नाकामियों को कभी नहीं भूलतीं, बल्कि उनसे सबक लेकर वापसी करती हैं।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में अपनी टीम को संबोधित करते हुए मजूमदार ने कहा, "अच्छी टीमें, उन्हें याद रहता है कि पहले क्या हुआ था। मजबूत टीमें कभी नहीं भूलतीं। उन्हें कभी नहीं भूलना चाहिए कि क्या हुआ था।" गौरतलब है कि 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराकर अपना पहला खिताब जीता था, लेकिन इस बार हरमनप्रीत कौर की टीम ने उस हार का बदला चुकता कर लिया।
ओपनिंग जोड़ी ने रखी जीत की नींव
रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसकी नींव सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड 129 रनों की साझेदारी ने रखी। कोच मजूमदार ने इस साझेदारी की जमकर तारीफ करते हुए कहा, "कुछ भी कहने से पहले, मुझे लगता है कि 129 रन बनाने के लिए जोरदार तालियां बजनी चाहिए।"
शेफाली वर्मा ने सिर्फ 39 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 39 गेंदों में 59 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान शेफाली ने महज 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक भी है।
गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 111 रनों पर ढेर हो गई। कोच ने पूरी गेंदबाजी यूनिट की सराहना की, जिसमें युवा स्पिनर श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 20 रन देकर 4 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट लिए। इनके अलावा क्रांति गौड़, प्रेमा और शेफाली वर्मा ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
'कम गलतियों से मिली जीत': हरमनप्रीत
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी माना कि टीम ने 2024 फाइनल की गलतियों से सबक लिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पिछली बार फाइनल में हमने कई गलतियां की थीं, लेकिन हमने उनसे सीखा है। यह दिन अच्छा क्रिकेट खेलने और मैदान पर कम गलतियां करने की कोशिश करने के बारे में था... मुझे लगता है कि पूरी टीम एक साथ आई और हमने अपना बेस्ट दिया।"
इनपुट: IANS


