ज़िम्बाब्वे में 'मैन ऑफ़ द सीरीज़' बने वैभव सूर्यवंशी, बोले- 'सपना सच हो गया'
ज़िम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज़ में भारत की 3-0 की शानदार जीत के हीरो बनकर उभरे युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 'प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़' का खिताब जीतने को अपने लिए एक सपने के सच होने जैसा बताया है…
ज़िम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज़ में भारत की 3-0 की शानदार जीत के हीरो बनकर उभरे युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 'प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़' का खिताब जीतने को अपने लिए एक सपने के सच होने जैसा बताया है। उन्होंने अपने प्रदर्शन और इस उपलब्धि पर खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा, "यह सपना सच होने जैसा पल है। अपना पहला मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड पाकर मैं बहुत खुश हूं।"
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यवंशी ने पूरी सीरीज़ में अपने बल्ले से दबदबा बनाए रखा और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने अपने खेल की रणनीति पर बात करते हुए कहा, "मेरा खेल वैसा ही है जैसा मैं टी20 क्रिकेट में खेलता हूं। मैं बस टीम के लिए वही करने की कोशिश कर रहा था। तीनों मैचों में, मैंने टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की।"
सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने सीरीज़ के निर्णायक तीसरे T20 मुक़ाबले में 49 गेंदों पर 81 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का पुरस्कार भी मिला। यह उनका पहला 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' अवॉर्ड था। इससे पहले उन्होंने पहले मैच में 19 गेंदों पर 50 और दूसरे मैच में 9 गेंदों पर 20 रन बनाए थे।
टीम और कोच को दिया श्रेय
अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय उन्होंने टीम के माहौल और अपनी तैयारी को दिया। उन्होंने कहा, "हरारे पहुंचने के बाद दो या तीन दिनों तक हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही। मैंने यहां अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेला था, इसलिए मुझे इस जगह पर खेलने में बहुत मजा आता है। सभी ने मेरा साथ दिया—कप्तान, कोच, सभी—इसलिए मैं बहुत खुश हूं।"
भारत ने तीसरे T20 में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 5 विकेट पर 192 रन बनाए थे, जिसमें सूर्यवंशी के अलावा ईशान किशन ने 29, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 और रिंकू सिंह ने 25 रनों का योगदान दिया। जवाब में ज़िम्बाब्वे की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और भारत ने 35 रनों से मैच जीत लिया।
इनपुट: IANS


