पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाजी सुधारने का जिम्मा माइकल स्मिथ को, 2 साल के लिए बने नए कोच
लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए एक अहम फैसला लिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर माइकल स्मिथ को…
लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए एक अहम फैसला लिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर माइकल स्मिथ को दो साल के कार्यकाल के लिए पुरुष टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, स्मिथ इंग्लैंड के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे और सभी फॉर्मेट (रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल) में अपनी सेवाएं देंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम विदेशी धरती पर लगातार आठ टेस्ट मैच हार चुकी है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप रैंकिंग में नौवें स्थान पर है। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम 211 रनों का आसान लक्ष्य भी हासिल करने में नाकाम रही थी, जिसके बाद उस पर 26 साल में पहली बार कैरेबियाई टीम से सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है।
कोचिंग का लंबा अनुभव
46 वर्षीय माइकल स्मिथ के पास कोचिंग का व्यापक अनुभव है। वह पहले भी पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में इस्लामाबाद यूनाइटेड और कराची किंग्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं। इसी सीजन में वह मुल्तान सुल्तांस के सहायक कोच भी थे। इसके अलावा, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की होबार्ट हरिकेन्स और क्रिकेट तस्मानिया के साथ बल्लेबाजी कोच के रूप में काम किया है। अपने खेल के दिनों में उन्होंने 2003 से 2013 के बीच 89 प्रथम श्रेणी, 72 लिस्ट-ए और 16 टी20 मैच खेले हैं।
पिछले तीन वर्षों में यूनिस खान, मोहम्मद यूसुफ, एंड्रयू पुटिक और शफीक जैसे कई कोच इस भूमिका में आ-जा चुके हैं, लेकिन टीम की बल्लेबाजी में स्थिरता नहीं आ सकी है। पीसीबी को उम्मीद है कि स्मिथ के अनुभव से टीम के प्रदर्शन में सुधार आएगा।
इनपुट: IANS


