शनिवार, 7 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी और कहा कि भार…

मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
(फोटो: IANS)

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी और कहा कि भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में रहेगा।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शमी ने अपने संदेश में सफेद जर्सी से जुड़ी यादों को सँजोने की बात कही। उन्होंने लिखा, "जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना... तब से लेकर अब तक, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है।"

टेस्ट क्रिकेट को बताया जीवन का खास हिस्सा

शमी ने टेस्ट क्रिकेट को सिर्फ एक प्रारूप नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, "आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर रहा हूं।" अपने इस सफर के लिए उन्होंने टीम के साथियों, कोच, परिवार, प्रशंसकों, बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) का हृदय से आभार व्यक्त किया।

मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी क्रिकेट मैच मार्च 2025 में खेला था, जबकि आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था।

शानदार रहा टेस्ट करियर

दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने नवंबर 2013 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। अपने करियर में उन्होंने कुल 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 27.71 की शानदार औसत से 229 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 6 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया। बल्ले से भी योगदान देते हुए उन्होंने 750 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, शमी ने 108 वनडे मैचों में 206 और 25 टी20 मुकाबलों में 27 विकेट चटकाए हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →