शनिवार, 1 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

मयंक यादव: कम उम्र में बहुत कुछ झेला, लेकिन देश के लिए खेलने का जज़्बा हमेशा रहा

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में भारत को 7 विकेट से शानदार जीत दिलाने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी दमदार वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्हें इस मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द…

मयंक यादव: कम उम्र में बहुत कुछ झेला, लेकिन देश के लिए खेलने का जज़्बा हमेशा रहा
(फोटो: IANS)

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में भारत को 7 विकेट से शानदार जीत दिलाने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी दमदार वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्हें इस मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। हालांकि, समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने उस मुश्किल दौर को भी याद किया जब चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था।

मयंक ने माना कि यह सफर आसान नहीं था। उन्होंने कहा, "यह बहुत मुश्किल था, खासकर दो साल का गैप एक चुनौती थी, क्योंकि उम्र मेरे साथ नहीं थी। मैं सिर्फ 22-23 साल का था। मुझे लगा कि काफी कम उम्र में ही मुझे बहुत कुछ झेलना पड़ा।" मयंक ने आगे बताया कि इन मुश्किलों के बावजूद देश के लिए खेलने की प्रेरणा ने उन्हें वापसी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "देश के लिए खेलने का मोटिवेशन हमेशा बना रहा। इसी वजह से मैं वापसी करना चाहता था और वैसा ही प्रदर्शन करना चाहता था जैसा पहले किया था।"

मैच में शानदार प्रदर्शन

हरारे में हुए इस मुकाबले में मयंक यादव ने अपनी गेंदबाजी से जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन खर्च करते हुए 2 अहम विकेट हासिल किए। उनकी सटीक लाइन-लेंथ के आगे ब्रायन बेनेट बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए, जबकि डायोन मायर्स को उन्होंने 6 रन पर आउट किया।

टीम की रणनीति और आपसी तालमेल

मयंक ने साथी गेंदबाजों के साथ अपनी रणनीति पर भी बात की। उन्होंने बताया, "हम पेस के बारे में ज्यादा बात नहीं करते, लेकिन हमारी बॉन्डिंग अच्छी है। इस मुकाबले में मैंने पहला ओवर डाला, इसके बाद मैंने प्रिंस और अशोक के साथ कुछ बातें शेयर कीं, जैसे कि मुझे कैसी मदद मिल रही थी और अटैक करने के लिए बेहतर विकल्प क्या थे।" उनके शानदार प्रदर्शन को प्रिंस यादव (2/29) और अशोक शर्मा का भी अच्छा साथ मिला, जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे की टीम 126 रनों के स्कोर तक ही पहुंच सकी। भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 13.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →