ऋषभ पंत के शॉट पर भड़के मोहम्मद कैफ, कहा — "उनमें सामान्य ज्ञान की कमी है"
श्रीलंका के खिलाफ गाले में चल रहे पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। 39 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे पंत ने एक गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना…
श्रीलंका के खिलाफ गाले में चल रहे पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। 39 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे पंत ने एक गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया, जिसके बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने उनके खेल के तरीके पर नहीं, बल्कि 'सामान्य ज्ञान' की कमी पर सवाल उठाए हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कैफ ने 'सोनी स्पोर्ट्स' पर बातचीत के दौरान पंत के आउट होने के तरीके पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हुए, उससे मुझे कोई शिकायत नहीं है। वह ऐसे ही खेलते हैं, लेकिन शिकायत सामान्य ज्ञान की है।"
नई गेंद और पंत का खराब शॉट
कैफ ने इस बात पर हैरानी जताई कि पंत ने नई गेंद के पहले ही ओवर में आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश की। उन्होंने समझाया, "यह नई गेंद के साथ पहला ओवर था। उस ओवर में वह तीन बार क्रीज से बाहर निकले। सामान्य ज्ञान का मतलब है कट शॉट खेलना। पांच से छह ओवर तक नई गेंद देखना। यह टेस्ट मैच की परंपरा है।"
पंत ने श्रीलंका के लिए अपना पहला मैच खेल रहे केशरा नुवानथा की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे फील्डर के हाथों में चली गई। पवेलियन लौटते समय पंत खुद भी अपने शॉट से बेहद निराश दिखे।
"क्रिकेटिंग सेंस में बहुत पीछे"
मोहम्मद कैफ ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, "मुझे हैरानी हुई कि वह ओवर की पहली गेंद पर ही क्रीज से बाहर निकल गए। आपको थोड़ा हिसाब लगाना पड़ता है। यहां तक कि अगर कोई बल्लेबाज 150 रन पर भी हो, तो नई गेंद आने पर वह कुछ बॉल खेलता है। मैं वहां कुछ प्वाइंट्स काट रहा हूं। वह लॉजिक और क्रिकेटिंग सेंस में बहुत पीछे रह गए।"
यह कोई पहला मौका नहीं है जब पंत ने इस तरह अपना विकेट फेंका हो। इस बीच, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर 460 रन बना लिए थे। कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
इनपुट: IANS


