IPL: महेला जयवर्धने और मुंबई इंडियंस का सफल साथ खत्म, 3 खिताब जिताने वाले कोच ने टीम को कहा अलविदा
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस और उसके हेड कोच महेला जयवर्धने ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। इस फैसले के साथ ही जयवर्धने के उस शानदार कोचिंग…
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस और उसके हेड कोच महेला जयवर्धने ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। इस फैसले के साथ ही जयवर्धने के उस शानदार कोचिंग कार्यकाल का अंत हो गया, जिसमें उन्होंने टीम को तीन बार IPL चैंपियन बनाया था। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, फ्रेंचाइजी अब अगले सीजन से पहले अपने कोचिंग और नेतृत्व ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है।
यह निर्णय टीम के निराशाजनक 2026 सीजन के बाद आया है, जिसमें मुंबई इंडियंस को सिर्फ चार मैचों में जीत मिली थी और वह अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही थी। पिछला सीजन टीम के लिए कई मोर्चों पर मुश्किलों भरा रहा, जिसमें खिलाड़ियों की चोट, उपलब्धता की समस्या और ड्रेसिंग रूम में कथित असंतोष जैसी खबरें भी शामिल थीं।
जयवर्धने का सफल कार्यकाल
श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे कामयाब कोच में से एक रहे। उन्होंने 2017 में पहली बार यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनके मार्गदर्शन में मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में तीन IPL खिताब जीते, जिसमें 2019 और 2020 में लगातार दो बार चैंपियन बनना एक बड़ी उपलब्धि थी।
बाद में, उन्होंने 2022 से 2024 तक मुंबई इंडियंस के 'ग्लोबल हेड ऑफ परफॉरमेंस' के रूप में भी काम किया। इस भूमिका में उन्होंने फ्रेंचाइजी की अंतरराष्ट्रीय टीमों के लिए कोचिंग, स्काउटिंग और रणनीति बनाने की जिम्मेदारी निभाई। वह 2024 में 'दो प्लस एक' साल के करार पर दोबारा हेड कोच बने थे।
भावुक विदाई और भविष्य की शुभकामनाएं
फ्रेंचाइजी से अलग होने पर जयवर्धने ने कहा, “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का एक बहुत ही खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, कोचिंग टीम के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।” उन्होंने नीता अंबानी और आकाश अंबानी का भी मुझ पर अटूट भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया।
वहीं, मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता एम. अंबानी ने भी महेला के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, “महेला ने इतने वर्षों में मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनका शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है। महेला हमेशा हमारे एमआई परिवार का हिस्सा रहेंगे।”
इनपुट: IANS


