कीरोन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच, 16 साल पुराने खिलाड़ी को मिली सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने पूर्व दिग्गज ऑल-राउंडर कीरोन पोलार्ड को एक नई और बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को पोलार्ड को अपना…
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने पूर्व दिग्गज ऑल-राउंडर कीरोन पोलार्ड को एक नई और बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा की। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह नियुक्ति पोलार्ड के टीम के साथ 16 साल पुराने जुड़ाव और उनके अनुभव पर प्रबंधन के गहरे भरोसे को दर्शाती है।
पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ सफ़र 2010 में शुरू हुआ, जब वह महज़ 22 साल के थे। इसके बाद उन्होंने एक खिलाड़ी के तौर पर टीम को 5 बार चैंपियन बनाने में बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2022 में लीग से संन्यास लेने के बाद भी वह टीम से अलग नहीं हुए और उन्हें बल्लेबाजी कोच बना दिया गया। अब, पिछले चार सीजन तक इस भूमिका को निभाने के बाद उन्हें मुख्य कोच के पद पर प्रमोट किया गया है।
“यह मेरे लिए सम्मान की बात है”: पोलार्ड
इस नई भूमिका पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कीरोन पोलार्ड ने कहा, "मुंबई इंडियंस के हेड कोच का रोल निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है। एमआई मेरी जिंदगी और करियर का एक बड़ा हिस्सा रहा है। इस टीम, खिलाड़ियों और पलटन के साथ मेरा जो रिश्ता है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।" उन्होंने आगे कहा, "एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के तौर पर इस सफर का अनुभव करने के बाद, मैं समझता हूं कि मुंबई इंडियंस किस चीज के लिए जानी जाती है और ब्लू एंड गोल्ड को रिप्रेजेंट करने के साथ क्या जिम्मेदारी आती है।" पोलार्ड ने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे MI परिवार का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
नीता अंबानी ने की पोलार्ड की सराहना
मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता अंबानी ने इस नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा, "पोलार्ड 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस में शामिल हुए थे और पिछले सोलह वर्षों में वे हमारे परिवार का एक अहम हिस्सा बन गए हैं।" उन्होंने पोलार्ड के योगदान को याद करते हुए कहा, "एक खिलाड़ी के तौर पर, उन्होंने हमें कई यादगार पल दिए, और एक कोच के तौर पर, उन्होंने अपना अनुभव, जुनून और खेल की गहरी समझ साझा करना जारी रखा है।" नीता अंबानी ने भरोसा जताया कि पोलार्ड इस नई भूमिका में भी वही प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प लाएंगे।
एक शानदार T20 करियर
कीरोन पोलार्ड का T20 रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली है। वह T20 क्रिकेट इतिहास के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं, जिन्होंने कुल 754 मैचों में 14,999 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 शतक, 71 अर्धशतक और 341 विकेट भी दर्ज हैं। हालांकि वे अभी भी दूसरी लीगों में एक खिलाड़ी के रूप में सक्रिय हैं, पर हेड कोच के रूप में उनका मुख्य लक्ष्य मुंबई इंडियंस को छठा आईपीएल खिताब दिलाना होगा, जो टीम ने आखिरी बार 2020 में जीता था।
इनपुट: IANS


