ऑस्ट्रेलिया vs दक्षिण अफ्रीका: निर्णायक टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में फेरबदल, स्मिथ की फिटनेस पर सस्पेंस
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-1 की बराबरी पर चल रही टेस्ट सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में अहम बदलाव किए गए हैं। टीम ने सलामी बल्लेबाज निक मैडिन्सन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को…
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-1 की बराबरी पर चल रही टेस्ट सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में अहम बदलाव किए गए हैं। टीम ने सलामी बल्लेबाज निक मैडिन्सन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को रिलीज कर दिया है। वहीं, टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की फिटनेस पर अब भी सवालिया निशान बना हुआ है और उन्हें खेलने से पहले एक फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मैडिन्सन को इस सीरीज में खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 0, 48, 0 और 8 रन बनाए थे। अब वे स्वदेश लौटकर शुक्रवार से होबार्ट में तस्मानिया के खिलाफ होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में न्यू साउथ वेल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी जगह अब मैथ्यू रेनशॉ, ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।
टीम में वापसी और नए समीकरण
एक अन्य बदलाव के तहत सैम हार्पर को भी टीम से रिलीज कर दिया गया है। वे शनिवार से गाबा में क्वींसलैंड के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मुकाबले में विक्टोरिया के लिए खेलेंगे। उन्हें जोश इंग्लिस की उंगली में फ्रैक्चर के बाद कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। अब इंग्लिस फिट हो चुके हैं और जरूरत पड़ने पर एलेक्स कैरी की जगह विकेटकीपिंग के लिए तैयार हैं।
स्मिथ के खेलने पर क्या बोले कोच?
स्टीव स्मिथ को गकेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लग गई थी। 'क्रिकइन्फो' के हवाले से हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा, "हमें लगता है कि उनके (स्मिथ) खेलने के लिए अभी काफी कुछ ठीक होना बाकी है, लेकिन अगर आज हमें कोई सुखद आश्चर्य मिलता है, तो आप उन्हें खेलते हुए देख सकते हैं।" अगर स्मिथ समय पर फिट नहीं हो पाते हैं, तो मार्नस लाबुशेन के केप टाउन में खेलने की पूरी संभावना है, जिन पर नंबर तीन पर अपनी जगह बचाने का दबाव भी होगा। कैमरून ग्रीन और जोश इंग्लिस की चोट से वापसी ने टीम में प्रतिस्पर्धा और बढ़ा दी है।
इनपुट: IANS


