क्रिकेट में नया सितारा: जॉर्डन हरमन ने डेब्यू वनडे में ही 150 रन बनाकर रचा इतिहास
दक्षिण अफ्रीका के 24 वर्षीय बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने अपने पहले ही वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में 150 रनों की शानदार पारी खेलकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने नामीबिया…
दक्षिण अफ्रीका के 24 वर्षीय बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने अपने पहले ही वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में 150 रनों की शानदार पारी खेलकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने नामीबिया के खिलाफ यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, जिससे वह वनडे डेब्यू में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, हरमन ने विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए मुकाबले में यह कारनामा किया।
अपनी 126 गेंदों की पारी के दौरान हरमन ने 17 चौके और 3 छक्के जड़े। इस दमदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने ही हमवतन मैथ्यू ब्रीत्जके के रिकॉर्ड की बराबरी की। ब्रीत्जके ने 10 फरवरी 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले वनडे में 148 गेंदों पर 150 रन बनाए थे।
मैच में दक्षिण अफ्रीका का दबदबा
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 348 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट सिर्फ 27 रन पर गिर गया था। इसके बाद जॉर्डन हरमन ने टोनी डी जोरजी (72) के साथ दूसरे विकेट के लिए 190 रनों की विशाल साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बाद में उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (33) के साथ भी 58 रन जोड़े। अंत में कॉर्बिन बॉश ने नाबाद 39 रनों की पारी खेलकर टीम को 348 तक पहुंचाया।
वनडे डेब्यू के अन्य बड़े स्कोरर
पुरुषों के वनडे क्रिकेट में डेब्यू पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मामले में वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स (148 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया) तीसरे स्थान पर हैं, जबकि अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज (127 रन बनाम आयरलैंड) चौथे पायदान पर काबिज हैं। भारत की ओर से यह कीर्तिमान केएल राहुल के नाम है, जो अपने पहले वनडे मैच में शतक लगाने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के मुकाबले 9, 11 और 13 सितंबर को खेले जाएंगे।
इनपुट: IANS


