ऑस्कर 2027: भारत की तरफ से जाएगी मराठी फिल्म 'गोंधल', निर्देशक बोले- 'भारतीय संस्कृति दिखाना मकसद था'
फिल्मकार संतोष दावखर की मराठी थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' को 2027 के ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। इसे सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भेजा जाएगा…
फिल्मकार संतोष दावखर की मराठी थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' को 2027 के ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। इसे सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भेजा जाएगा। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में दावखर ने बताया कि फिल्म बनाते समय उन्हें यह यकीन नहीं था कि दर्शक इसे पसंद करेंगे या नहीं, लेकिन उनका मुख्य लक्ष्य भारतीय संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर सिनेमा के माध्यम से पेश करना था।
महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश में सेट यह फिल्म एक नवविवाहित महिला सुमन की कहानी है, जो अपनी शादी से नाखुश है। फिल्म में थ्रिल और रहस्य के साथ भारतीय रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक परंपराओं का मेल दिखाया गया है।
अंतरराष्ट्रीय सोच से बनी फिल्म
निर्देशक संतोष दावखर ने बताया कि उन्होंने अक्सर अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भारतीय सिनेमा को गरीबी और जातिवाद जैसे विषयों तक सीमित देखा है। उन्होंने कहा, "कान्स और दूसरे फेस्टिवल्स में मुझे पता चला कि लोग सोचते हैं कि यहां की फिल्में गरीबी और जातिवाद के बारे में होती हैं... इसके अलावा भारत की एक समृद्ध विरासत है, गर्व करने वाला कल्चर भी है और मैं उसे सिनेमैटिक तरीके से दिखाना चाहता था।"
इसी सोच के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा और स्क्रीनराइटिंग का गहरा अध्ययन किया। दावखर ने बताया, "जब मैं कान्स में था, तो मैं दिन में तीन-चार फिल्में देखता था... अगर आप एक इंटरनेशनल फिल्म बनाना चाहते हैं तो आपकी मेकिंग भी उसी के हिसाब से होनी चाहिए।"
कहानी और कलाकार
संतोष दावखर के अनुसार, उन्होंने स्क्रीनप्ले पर काफी रिसर्च की ताकि एक थ्रिलर मिस्ट्री को सरल तरीके से पेश किया जा सके। ऑस्कर में एंट्री से पहले 'गोंधल' को कान्स समेत कई फिल्म फेस्टिवल्स में भी चुना जा चुका है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, अनुज प्रभु, सुरेश विश्वकर्मा और विट्ठल काले जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इनपुट: IANS


