एशिया कप: भारतीय महिला टीम ने ACC अध्यक्ष के हाथों क्यों नहीं ली ट्रॉफी? राजीव शुक्ला ने बताई वजह
दुबई में विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इस घटनाक्रम पर भारतीय क्रिकेट…
दुबई में विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इस घटनाक्रम पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह एक पूर्व-नियोजित फैसला था, जिस पर सभी की सहमति थी। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने बताया कि इस फैसले की जानकारी टीम को भी दे दी गई थी।
शुक्ला ने कहा, "ट्रॉफी को लेकर हमने आपस में बात करके पहले ही तय कर लिया था कि हम उसे उनके हाथों से नहीं लेंगे। इस पर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई और हमने अपनी टीम को भी इसकी जानकारी दे दी थी।" उन्होंने यह भी साफ किया कि इस दौरान किसी तरह का मनमुटाव या टकराव नहीं हुआ। उनके मुताबिक, नकवी ने अन्य पुरस्कार वितरित किए और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
मैच के दौरान मुलाकात पर क्या बोले अधिकारी?
फाइनल मैच के दौरान ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी और BCCI सचिव देवजीत सैकिया एक साथ रॉयल बॉक्स में बैठे नजर आए थे। इस मुलाकात को लेकर सैकिया ने बताया कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और इसका कोई और मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है कि हम किसी से मिलेंगे नहीं... जब भी कोई आता है, हम सभी से मिलते हैं और बातचीत करते हैं।"
राजीव शुक्ला ने भी सैकिया के बयान का समर्थन करते हुए कहा, "सैकिया जी ने सही कहा है कि मैच के दौरान सभी लोग एक साथ बैठते हैं, वहां सब मिलते हैं। इसमें आलोचना नहीं होनी चाहिए।"
भारत की शानदार खिताबी जीत
रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका पर एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 183 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 111 रन पर ही सिमट गई। इस 72 रनों की शानदार जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
इनपुट: IANS


