रविवार, 30 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

श्रीलंका के खिलाफ राहुल-पडिक्कल की शानदार साझेदारी, गॉल टेस्ट में भारत मजबूत स्थिति में

गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल की दमदार बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। पहले दिन टी-ब्रेक तक टीम इंडिया ने सिर्फ एक विकेट खोकर 197 रन…

श्रीलंका के खिलाफ राहुल-पडिक्कल की शानदार साझेदारी, गॉल टेस्ट में भारत मजबूत स्थिति में
(फोटो: IANS)

गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल की दमदार बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। पहले दिन टी-ब्रेक तक टीम इंडिया ने सिर्फ एक विकेट खोकर 197 रन बना लिए थे। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक जड़े और श्रीलंकाई गेंदबाजों को दूसरे सेशन में कोई भी सफलता हासिल नहीं करने दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यशस्वी जायसवाल के रूप में टीम को एकमात्र झटका लगा, जो 32 रन बनाकर रनआउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर उतरे राहुल और पडिक्कल ने पारी को बखूबी संभाला और मेजबान टीम पर पूरी तरह से दबाव बना दिया।

राहुल और पडिक्कल की अटूट साझेदारी

टी-ब्रेक के समय केएल राहुल 162 गेंदों पर 77 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि देवदत्त पडिक्कल 84 रन बनाकर नाबाद थे। पडिक्कल ने अपनी पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया, वहीं राहुल ने 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। दूसरे सेशन में श्रीलंकाई गेंदबाज इस जोड़ी को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम रहे।

मैच के दौरान बारिश ने भी खलल डाला। 27 ओवर का खेल होने के बाद बारिश के कारण लगभग डेढ़ घंटे तक खेल रुका रहा। हालांकि, जब मैच दोबारा शुरू हुआ तो भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी लय नहीं खोई और श्रीलंकाई गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल की कप्तानी में इस मैच के लिए भारतीय टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। वहीं, श्रीलंका की टीम में कप्तान धनंजय डी सिल्वा के अलावा लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिन्दु मेंडिस, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →