‘रामायण’ रिलीज: सिनेमाघरों से दर्शकों का पहला रिएक्शन, रणबीर के अभिनय की तारीफ
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' गुरुवार, 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाओं का दौर था, लेकिन समाचार एजेंसी IANS के…
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' गुरुवार, 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाओं का दौर था, लेकिन समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म देखकर सिनेमाघरों से बाहर निकले दर्शक काफी हद तक संतुष्ट और प्रभावित नजर आए। दर्शकों ने कलाकारों के प्रदर्शन, खासकर रणबीर कपूर के राम के किरदार को बहुत सराहा है।
पहले दिन फिल्म देखने वालों का कहना है कि इसे आज के समय के हिसाब से बहुत अच्छे ढंग से बनाया गया है। एक दर्शक ने कहा, "फिल्म मुझे बहुत अच्छी लगी है। इसमें साई पल्लवी ने मां सीता का किरदार अच्छे से निभाया है। वह चेहरे से मासूम लगती हैं और मां सीता के रोल के लिए बिल्कुल फिट बैठती हैं। रणबीर ने भी राम भगवान का रोल अच्छा किया है और मुझे लगता है कि उनसे अच्छा कोई और भगवान राम का रोल नहीं निभा सकता था।"
कलाकारों का अभिनय और किरदार
दर्शकों ने साई पल्लवी के काम की भी तारीफ की, जो ट्रेलर रिलीज के बाद कुछ आलोचना का सामना कर रही थीं। एक दर्शक ने टिप्पणी की, "ट्रेलर देखने के बाद हमें भी साई पल्लवी का किरदार ज्यादा समझ में नहीं आया था लेकिन फिल्म देखने के बाद हम सभी को उनका काम बहुत पसंद आया और मां सीता के लिए वह परफेक्ट कास्ट हैं।" एक अन्य प्रशंसक ने कहा, "मूवी बहुत अच्छी थी। मुझे लगता है कि साई पल्लवी सीता के रोल के लिए परफेक्ट थीं और उन्होंने इस रोल को अच्छे से निभाया भी है।" एक बुजुर्ग दर्शक ने यह भी बताया कि फिल्म में साई पल्लवी ने कुछ एक्शन सीन भी किए हैं, जो मजेदार लगे।
वहीं, रावण की भूमिका में यश के अभिनय को भी सराहा गया। एक दर्शक ने कहा, "फिल्म में रावण को टिपिकल विलेन के अवतार में नहीं दिखाया गया है बल्कि इसमें उनकी बारीकियों के बारे में भी दिखाया गया है और पहले पार्ट में रावण के बारे में अच्छे से दिखाया गया है।" हालांकि, इसी दर्शक ने यह भी जोड़ा कि राम के बचपन से सीधे युवावस्था को दिखाया गया है, जबकि रावण के हिस्से को अधिक विस्तार मिला है।
निर्देशन और तकनीकी पक्ष
फिल्म के निर्देशन और तकनीकी पहलुओं को भी दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। एक फिल्म छात्र ने कहा, "फिल्म को बहुत शानदार तरीके से फिल्माया गया है। डायरेक्टर समेत सभी कलाकारों ने अपने रोल के साथ अच्छे से न्याय किया है।" उन्होंने माना कि शुरुआत थोड़ी धीमी थी, लेकिन बाद में फिल्म ने गति पकड़ ली। एक अन्य दर्शक ने वीएफएक्स और संगीत की तारीफ करते हुए कहा, "वीएफक्स बहुत अच्छा था और गाने भी मजेदार हैं।"
फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने इसे पूरे परिवार के साथ देखने लायक बताया। हालांकि, कुछ दर्शकों ने सनी देओल का किरदार फिल्म में न दिखाए जाने पर थोड़ी निराशा जताई और कहा कि इसके लिए अगले पार्ट का इंतजार करना होगा। एक दर्शक के शब्दों में, "मैं निराश हूं कि सनी द्योल का रोल हमें दिखाया नहीं गया, तो उसके लिए हमें अगले पार्ट का इंतजार करना पडे़गा। फिल्म ट्रेलर से कहीं ज्यादा मजेदार है।"
इनपुट: IANS


