रणजी ट्रॉफी: निशांत सिंधु के ऑलराउंड प्रदर्शन से हरियाणा की बड़ी जीत, चंडीगढ़ को पारी और 24 रन से हराया
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीज़न के एक एलीट ग्रुप-डी मैच में हरियाणा ने चंडीगढ़ पर एकतरफा जीत दर्ज की है। रोहतक के चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले को हरियाणा ने सिर्फ दो दिनों के अंदर ही…
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीज़न के एक एलीट ग्रुप-डी मैच में हरियाणा ने चंडीगढ़ पर एकतरफा जीत दर्ज की है। रोहतक के चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले को हरियाणा ने सिर्फ दो दिनों के अंदर ही पारी और 24 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम कर लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के नायक ऑलराउंडर निशांत सिंधु रहे, जिन्होंने पहले बल्ले से 92 रनों की शानदार पारी खेली और फिर गेंदबाज़ी में 6 विकेट झटककर चंडीगढ़ की कमर तोड़ दी।
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी चंडीगढ़ की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। हरियाणा के गेंदबाज़ों के सामने उनकी पूरी टीम पहली पारी में 41.3 ओवर खेलकर महज़ 103 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 31 रन अक्षित राणा ने बनाए, जबकि विष्णु कश्यप ने 26 रनों का योगदान दिया। हरियाणा के लिए अमन कुमार, अजीत चहल और अनुज ठकराल ने 3-3 विकेट चटकाए।
हरियाणा की पारी और 142 रन की बढ़त
जवाब में हरियाणा ने अपनी पहली पारी में 245 रन बनाकर 142 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। हालांकि, उनकी शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और 37 रन पर ही 4 विकेट गिर गए थे। इसके बाद यशवर्धन दलाल और निशांत सिंधु ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 175 रनों की विशाल साझेदारी की। यशवर्धन 95 रन बनाकर शतक से चूक गए, जबकि निशांत ने 92 रनों की अहम पारी खेली। चंडीगढ़ के लिए निशंक बिड़ला ने 5 विकेट लिए।
दूसरी पारी में भी चंडीगढ़ ढेर
142 रनों के दबाव में दूसरी पारी खेलने उतरी चंडीगढ़ की टीम एक बार फिर हरियाणा की गेंदबाज़ी के आगे टिक नहीं सकी। पूरी टीम सिर्फ 118 रनों पर ऑलआउट हो गई। कप्तान मनन वोहरा ने सबसे ज़्यादा 47 रन बनाए। इस पारी में निशांत सिंधु ने गेंद से कहर बरपाते हुए सिर्फ 27 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा कनिष्क चौहान ने 3 विकेट हासिल किए।
इनपुट: IANS


