बुधवार, 16 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

दो बार ट्रायल में हुए फेल, बोर्ड परीक्षा छोड़ी: रवि बिश्नोई के टीम इंडिया तक पहुंचने का संघर्ष

भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज़ रवि बिश्नोई आज अपनी फिरकी से बड़े-बड़े बल्लेबाज़ों को परेशान करते हैं, लेकिन उनकी सफलता की कहानी लगातार संघर्ष और मुश्किल फैसलों से भरी है। एक समय ऐसा भी था जब…

दो बार ट्रायल में हुए फेल, बोर्ड परीक्षा छोड़ी: रवि बिश्नोई के टीम इंडिया तक पहुंचने का संघर्ष
(फोटो: IANS)

भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज़ रवि बिश्नोई आज अपनी फिरकी से बड़े-बड़े बल्लेबाज़ों को परेशान करते हैं, लेकिन उनकी सफलता की कहानी लगातार संघर्ष और मुश्किल फैसलों से भरी है। एक समय ऐसा भी था जब क्रिकेट के लिए उन्हें अपनी 12वीं की बोर्ड परीक्षा तक छोड़नी पड़ी थी। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर से निकले इस खिलाड़ी को शुरुआती ट्रायल्स में एक नहीं, बल्कि कई बार असफलता का सामना करना पड़ा था।

5 सितंबर 2000 को जोधपुर के बिरमी गांव में जन्मे रवि को बचपन से ही क्रिकेट का जुनून था। हालांकि, सुविधाओं की कमी के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी। जब वे अंडर-16 और फिर अंडर-19 के ट्रायल के लिए गए, तो उन्हें चुन नहीं गया। अंडर-19 ट्रायल में तो उन्हें दो बार रिजेक्ट किया गया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

करियर का अहम मोड़

रवि बिश्नोई के करियर में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब वे 12वीं कक्षा में थे। उसी दौरान उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने एक नेट गेंदबाज़ के तौर पर अपने साथ जोड़ा। यह उनके बोर्ड एग्ज़ाम का समय था, लेकिन कोच के समझाने पर उन्होंने परीक्षा छोड़ने का कठिन फैसला लिया, जो बाद में उनके लिए वरदान साबित हुआ। रॉयल्स के नेट्स में उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से सबको प्रभावित किया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप से मिली पहचान

साल 2019-20 के अंडर-19 विश्व कप में रवि बिश्नोई दुनिया की नज़र में आए। अपनी गुगली से उन्होंने बल्लेबाज़ों पर कहर बरपाया और 6 मैचों में 17 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज़ बने। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री

इस प्रदर्शन के बाद, उन्होंने 2020 में पंजाब किंग्स की ओर से अपना आईपीएल डेब्यू किया। आईपीएल में लगातार अच्छे खेल के दम पर उन्हें 2022 में भारतीय टी20 टीम में जगह मिली। वेस्टइंडीज़ के खिलाफ अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट लिए और 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता। बिश्नोई अब तक भारत के लिए 49 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 67 विकेट ले चुके हैं, जबकि एक वनडे मैच में भी उन्हें एक विकेट मिला है।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →