रॉकेट क्लासिक: आखिरी दो होल में कमाल कर डेविस राइली ने बनाई बढ़त, अक्षय भाटिया प्ले-ऑफ की दौड़ में
अमेरिकी गोल्फर डेविस राइली ने डेट्रॉइट गोल्फ क्लब में चल रहे रॉकेट क्लासिक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक शॉट की बढ़त बना ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राइली ने आखिरी…
अमेरिकी गोल्फर डेविस राइली ने डेट्रॉइट गोल्फ क्लब में चल रहे रॉकेट क्लासिक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक शॉट की बढ़त बना ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राइली ने आखिरी दो होल में लगातार बर्डी लगाकर खुद को जीत और पीजीए टूर प्ले-ऑफ में जगह बनाने की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने तीसरे राउंड में 7-अंडर 63 का बेहतरीन स्कोर किया, जिससे उनका कुल स्कोर 15-अंडर हो गया है।
राइली का यह राउंड बेहद रोमांचक रहा, खासकर अंत में। उन्होंने 17वें होल पर 54-फुट और 18वें होल पर 10-फुट का पुट लगाकर माइकल ब्रेनन से बढ़त छीन ली। ब्रेनन अपने शानदार 64 के स्कोर के बावजूद 18वें होल पर 9-फुट का पट चूक गए, जिससे उन्हें बोगी का सामना करना पड़ा और वे दूसरे स्थान पर खिसक गए।
प्ले-ऑफ की अहम दौड़
यह टूर्नामेंट फेडएक्स कप प्ले-ऑफ में जगह बनाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। टॉप-70 खिलाड़ियों के प्ले-ऑफ में पहुंचने से पहले यह और अगले हफ्ते होने वाली विन्धम चैंपियनशिप आखिरी दो मौके हैं। इस दौड़ में भारतीय मूल के कई खिलाड़ी अच्छी स्थिति में हैं, जिनमें अक्षय भाटिया (12वें), एरॉन राय (35वें), साहिल थीगाला (42वें) और इंडो-कैनेडियन सुदर्शन येल्लामाराजू (53वें) शामिल हैं।
अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन
डेनमार्क के रास्मस होजगार्ड ने 61 का स्कोर करके कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की और वे तीन शॉट पीछे हैं। उनके साथ क्रिस कर्क (66), रिकी फाउलर (67) और कैमरन यंग (68) भी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, जेंडर शॉफेल (67) फाइनल राउंड से पहले चार स्ट्रोक पीछे चल रहे हैं।
राइली और ब्रेनन का अब तक का सफर
डेविस राइली के लिए यह जीत काफी मायने रखती है, जो अपने करियर की तीसरी और चार्ल्स श्वाब चैलेंज 2024 के बाद पहली जीत की तलाश में हैं। इस सीजन में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है, जहां वे पिछले हफ्ते के 3एम ओपन सहित 10 बार कट से चूक चुके हैं और फेडएक्स कप स्टैंडिंग में 146वें स्थान पर हैं। वहीं 24 वर्षीय माइकल ब्रेनन अपनी दूसरी पेशेवर जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं। इस जीत से प्ले-ऑफ में उनकी जगह भी पक्की हो सकती है।
इनपुट: IANS


