कप्तान बावुमा के शतक और गेंदबाज़ों के दम पर दक्षिण अफ्रीका की वापसी, ऑस्ट्रेलिया को पारी से हराकर सीरीज़ बराबर की
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार वापसी करते हुए पारी और 31 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही तीन टेस्ट मैचों की यह सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर आ गई है…
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार वापसी करते हुए पारी और 31 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही तीन टेस्ट मैचों की यह सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर आ गई है। कप्तान टेंबा बावुमा को उनकी 179 रनों की यादगार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मैच के बाद कप्तान बावुमा ने टीम से की जा रही उम्मीदों पर बात की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हर कोई चाहता है कि हम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन के तौर पर अपना दम दिखाएं। हम जो कुछ भी करते हैं, उस पर सबकी नजर रहती है। डरबन में हमारे प्रदर्शन के बाद हमें यह एहसास हुआ। हालांकि, हमें यह भी पता चला कि मजबूत विपक्षी के खिलाफ खेलने का क्या मतलब होता है।"
मैच का लेखा-जोखा
गकेबरहा में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एक समय 110 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान बावुमा (179), मार्को जानसेन (85) और सिमोन हार्मर (82) की दमदार पारियों की बदौलत टीम ने 9 विकेट पर 425 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में महज़ 99 रनों पर ढेर हो गई, जिसमें मार्को जानसेन ने सर्वाधिक 5 विकेट झटके। फॉलोऑन खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ट्रेविस हेड के 121 रनों के बावजूद दूसरी पारी में 295 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
रबाडा की वापसी का असर
चोट के कारण पहला टेस्ट न खेल पाने वाले तेज़ गेंदबाज़ कगिसो रबाडा ने इस मैच में वापसी की और कुल 6 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रदर्शन पर कप्तान बावुमा ने कहा, "उनकी वैल्यू बहुत ज्यादा है। जब वह मैदान पर होते हैं, तो गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने का दबाव लेते हैं। मेरा मानना है कि इससे बाकी सभी को वह करने का मौका मिलता है, जो उन्हें करना चाहिए। रबाडा दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरणा देने वाले खिलाड़ी हैं।"
इनपुट: IANS


