कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: जादुमणि सिंह का दमदार पंच, सेमीफाइनल में पहुँचकर भारत का एक और मेडल पक्का किया
ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। जादुमणि सिंह ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है, जिससे…
ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। जादुमणि सिंह ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है, जिससे भारत के लिए एक और पदक पक्का हो गया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जादुमणि ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में जाम्बिया के मुक्केबाज म्वेंगो म्वाले को 5-0 के स्पष्ट अंतर से हराया। मुकाबले के दौरान उन्होंने अपने विपक्षी को कोई मौका नहीं दिया और लगातार सटीक पंचों से दबदबा बनाए रखा। इस जीत के साथ ही उन्होंने कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया है।
जीत के बाद बोले- लक्ष्य सिर्फ गोल्ड
यह जादुमणि का पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है और मेडल पक्का होने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने IANS से बातचीत में कहा, "यह मेरा पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है और मेडल जीतकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा प्रतिद्वंद्वी एक मजबूत मुक्केबाज था, जिसमें अच्छी ताकत थी और वह जोरदार मुक्के मारता है; इसलिए मैंने पूरे दिन उसके वीडियो देखे और यह समझा कि मुझे मुकाबले में कैसे खेलना चाहिए।" उन्होंने बताया कि कोचों के साथ बनाई गई रणनीति मुकाबले में सफल रही।
जादुमणि ने अपने इरादे साफ करते हुए कहा, "मैं जब भारत से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेने आया था, तभी मैंने सोचा था कि इस बार सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि गोल्ड मेडल लेकर जाऊंगा।" उन्होंने यह पदक अपने अंकल, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, साई (SAI) और अपने कोचों को समर्पित करने की बात कही।
बॉक्सिंग में भारत का दिन रहा शानदार
प्रतियोगिता के छठे दिन सिर्फ जादुमणि ही नहीं, बल्कि दो अन्य भारतीय महिला मुक्केबाजों ने भी सेमीफाइनल में प्रवेश कर देश के लिए पदक पक्के किए। प्रीति पवार ने आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया, जबकि प्रिया घंघास ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से शिकस्त दी। इन जीतों के साथ भारत ने मुक्केबाजी में एक ही दिन में तीन मेडल पक्के कर लिए हैं।
इनपुट: IANS


