हॉकी: सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का धमाकेदार आगाज़, ओडिशा ने उत्तराखंड को 18-1 से रौंदा
झांसी में शनिवार को शुरू हुई 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के पहले ही दिन कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में हॉकी…
झांसी में शनिवार को शुरू हुई 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के पहले ही दिन कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 18-1 के विशाल अंतर से जीत दर्ज कर अपने इरादे जाहिर कर दिए, वहीं छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश ने भी अपने-अपने मैचों में एकतरफा जीत हासिल की।
ओडिशा ने 'पूल ए' के मुकाबले में हॉकी उत्तराखंड को बुरी तरह हराया। टीम के लिए आर्यन जेस और सुदीप चिरमाको ने चार-चार गोल किए। उनके अलावा आकाश सोरेंग, अजय एक्का, अनमोल एक्का और दीपक मिंज ने दो-दो गोल दागे, जबकि रोहित कुल्लू, रितिक लाकड़ा और प्रशांत बारला ने एक-एक गोल किया। उत्तराखंड की ओर से एकमात्र गोल 34वें मिनट में विशाल कुमार ने किया।
एकतरफा जीत का सिलसिला जारी
इसी पूल में छत्तीसगढ़ ने भी असम को 8-0 से करारी शिकस्त दी। विष्णु यादव ने चौथे मिनट में ही गोल का खाता खोल दिया था। इसके बाद संदीप कुमार, तरुण यादव और सोनू निषाद ने दो-दो गोल किए, जबकि करण कुमार साहू ने भी एक गोल कर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। वहीं, 'पूल बी' में आंध्र प्रदेश ने गुजरात को 8-0 से हराया, जिसमें हेमंत कुमार डोडियम सुब्रमण्यम ने शानदार हैट्रिक (26', 39', 49') लगाई।
रोमांचक मुकाबलों में भी मिली जीत
कुछ मैचों में कड़ा संघर्ष भी देखने को मिला। 'पूल बी' के एक करीबी मुकाबले में हॉकी राजस्थान ने बिहार (बीएसएसए) को 3-2 से मात दी। राजस्थान के लिए कप्तान मनीष चौधरी ने दो गोल (52', 58') किए। बिहार के लिए जॉनी कुमार और मोहम्मद सिद्दीक ने गोल किए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
एक अन्य मुकाबले में अरुणाचल ने तेलंगाना को 4-2 से हराया, जबकि जम्मू-कश्मीर ने 'पूल ए' के मैच में हिमाचल को 6-3 से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर की जीत में गगनदीप सिंह की हैट्रिक (11', 30', 30') ने अहम भूमिका निभाई।
इनपुट: IANS


