ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश को मिला बड़ा सहारा, स्टार पेसर शोरिफुल इस्लाम फिट घोषित
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए एक और अच्छी खबर है। हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम अब पूरी तरह फिट…
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए एक और अच्छी खबर है। हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम अब पूरी तरह फिट हो गए हैं और दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शोरिफुल ने टीम में वापसी की पूरी तैयारी कर ली है और वह ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतने के इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनने को उत्सुक हैं।
जिम्बाब्वे दौरे पर चोटिल हुए शोरिफुल इस्लाम चोट के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे, जिसमें बांग्लादेश ने मेजबान टीम को 9 विकेट से हराया था। इसके बावजूद, उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में चुना गया था और अब उन्हें दूसरे मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया है।
टीम की जीत में शामिल न होने पर क्या बोले शोरिफुल
बुधवार को मैके में मीडिया से बात करते हुए शोरिफुल ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मैं ऐसी जीत का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। कम से कम मैं तस्वीरों में तो आ गया (हंसते हुए), भले ही मैं टीम में नहीं था। यह बहुत अच्छा लग रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "जब हमने मैच जीता, तो मैं बांग्लादेश में किसी और से ज्यादा खुश था।"
टीम में अपनी वापसी की संभावना पर उन्होंने कहा, "मैं हमेशा तैयार रहता हूं। देखते हैं मेरी किस्मत में क्या है। उम्मीद है कि मैं मैच खेल पाऊंगा।"
पेस अटैक की भूमिका और सीरीज का समीकरण
डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश की जीत में तेज गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई थी। हसन महमूद ने मैच में कुल नौ विकेट चटकाए, जबकि पहली पारी में सभी 10 ऑस्ट्रेलियाई विकेट मेहमान टीम के तेज गेंदबाजों ने ही लिए थे। ऐसे में शोरिफुल की वापसी टीम के पेस अटैक को और मजबूती दे सकती है।
दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 22 अगस्त से शुरू होगा। अगर बांग्लादेश यह मैच जीत लेता है या ड्रॉ करा लेता है, तो यह ऑस्ट्रेलिया में उसकी पहली टेस्ट सीरीज जीत होगी।
इनपुट: IANS


