शनिवार, 1 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

श्रीजा अकुला: बहन से मिली प्रेरणा और रच दिया इतिहास, जानें WTT कंटेंडर जीतने वाली पहली भारतीय की कहानी

भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने हाल ही में लागोस में WTT कंटेंडर का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। हैदराबाद में 31 जुलाई, 1998 को…

श्रीजा अकुला: बहन से मिली प्रेरणा और रच दिया इतिहास, जानें WTT कंटेंडर जीतने वाली पहली भारतीय की कहानी
(फोटो: IANS)

भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने हाल ही में लागोस में WTT कंटेंडर का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। हैदराबाद में 31 जुलाई, 1998 को जन्मी श्रीजा की यह यात्रा बड़ी बहन से मिली प्रेरणा और कड़ी मेहनत का नतीजा है, जिसने उन्हें विश्व मंच पर एक नई पहचान दिलाई है।

समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीजा की बड़ी बहन रावली कॉलेज स्तर पर टेबल टेनिस खेलती थीं और उन्हीं को देखकर श्रीजा ने इस खेल में कदम रखा। शुरुआती बारीकियां बहन से सीखने के बाद उन्होंने कोच सोमनाथ घोष की अकादमी में पेशेवर प्रशिक्षण शुरू किया। पढ़ाई में भी मेधावी रहीं श्रीजा ने 12वीं कक्षा में 98.7 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।

सफलता की सीढ़ियां

श्रीजा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी छाप छोड़ी है। साल 2019 में उन्होंने दक्षिण एशियाई खेलों में महिला युगल और टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके बाद अप्रैल 2022 में सीनियर नेशनल और अंतर-राज्यीय चैंपियनशिप में उन्होंने एकल और युगल, दोनों खिताब जीतकर अपना दबदबा दिखाया।

हालांकि, उनके करियर में सबसे बड़ा मोड़ 2022 में आया, जब उन्होंने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में दिग्गज शरथ कमल के साथ मिलकर मिश्रित युगल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2022 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।

2024 में ऐतिहासिक जीत

साल 2024 श्रीजा के लिए बेहद खास रहा है। जनवरी में उन्होंने टेक्सास में अपना पहला WTT एकल खिताब जीता। इसके बाद जून 2024 में नाइजीरिया के लागोस में हुए WTC कंटेंडर टूर्नामेंट के फाइनल में चीन की डिंग यिजिये को 4-1 से हराकर उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसी टूर्नामेंट में उन्होंने अर्चना कामथ के साथ महिला डबल्स का खिताब भी अपने नाम किया।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →