20 साल का सूखा खत्म: श्रीलंका के रुमेश पथिरेज ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंककर जीता सोना, संगकारा ने कहा- 'गर्व का दिन'
श्रीलंका ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एथलेटिक्स के मैदान पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 23 वर्षीय रुमेश थरंगा पथिरेज ने पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपने…
श्रीलंका ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एथलेटिक्स के मैदान पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 23 वर्षीय रुमेश थरंगा पथिरेज ने पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपने देश का 20 साल लंबा इंतजार खत्म कर दिया। इस शानदार जीत पर श्रीलंका के महान क्रिकेटर कुमार संगकारा ने भी खुशी जाहिर की है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, संगकारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसे श्रीलंका के लिए एक "अविश्वसनीय और गर्व का दिन" बताया। पथिरेज की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि यह 2006 के मेलबर्न कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद श्रीलंका का पहला स्वर्ण पदक है। तब वेटलिफ्टर चिंताना विदानागे ने सोना जीता था।
एक थ्रो ने दिलाया ऐतिहासिक गोल्ड
ग्लासगो के स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में रुमेश पथिरेज ने अपने दूसरे ही प्रयास में 89.75 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। दिलचस्प बात यह है कि फाइनल में उनके पांच थ्रो फाउल हो गए, लेकिन उनका यह एक वैध थ्रो ही स्वर्ण पदक सुनिश्चित करने के लिए काफी था। इस जीत के साथ ही वे कॉमनवेल्थ गेम्स में सोना जीतने वाले पांचवें श्रीलंकाई एथलीट बन गए हैं।
क्रिकेट से एथलेटिक्स तक का सफर
रुमेश पथिरेज का खेल की दुनिया में सफर काफी अनोखा रहा है। वह पहले एक तेज गेंदबाज थे और अंडर-18 स्तर पर 134 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते थे। कोच टोनी प्रसन्ना के मार्गदर्शन में उन्होंने एथलेटिक्स को अपनाया और आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। पथिरेज अपने करियर में इस बड़े बदलाव का श्रेय अपने कोच को ही देते हैं।
बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ा
इस प्रतियोगिता में कई बड़े नाम शामिल थे। भारत के स्टार खिलाड़ी और टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि भारत के ही यश वीर सिंह 85.41 मीटर के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स चौथे और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम नौवें स्थान पर रहे।
इनपुट: IANS


