पाकिस्तानी वनडे टीम की कप्तानी पर सस्पेंस, अटकलों के बीच शाहीन अफरीदी ने तोड़ी चुप्पी
पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों के बीच मौजूदा वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल वही टीम के कप्तान हैं। यह बयान उन चर्चाओं के बाद आया है जिनमें पूर्व कप्तान…
पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों के बीच मौजूदा वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल वही टीम के कप्तान हैं। यह बयान उन चर्चाओं के बाद आया है जिनमें पूर्व कप्तान बाबर आजम को फिर से सभी प्रारूपों की कमान सौंपे जाने की बात कही जा रही है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, जब शाहीन से पूछा गया कि क्या व्हाइट-बॉल के हेड कोच माइक हेसन और चयनकर्ता आकिब जावेद वनडे कप्तान के तौर पर उनका समर्थन करते हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "अभी तक तो मैं ही कप्तान हूं।"
बाबर को फिर से कप्तानी का वादा?
दरअसल, 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बाबर आजम को सभी फॉर्मेट में कप्तानी देने का वादा किया है। उन्हें पहले ही वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के दौरों के लिए टेस्ट टीम की कमान सौंपी जा चुकी है। अब उन्हें वनडे टीम का कप्तान बनाने पर भी विचार चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि बाबर ने टेस्ट कप्तानी इसी शर्त पर स्वीकार की थी कि उन्हें सभी प्रारूपों का कप्तान बनाया जाएगा।
शाहीन का अब तक का सफर
शाहीन शाह अफरीदी को पिछले साल अक्टूबर में ही मोहम्मद रिजवान की जगह वनडे कप्तान नियुक्त किया गया था। रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जिसमें टीम चैंपियंस ट्रॉफी के पहले दौर से बाहर हो गई थी और 24 साल में पहली बार वेस्टइंडीज से कोई सीरीज हारी थी। हालांकि, शाहीन का कप्तानी रिकॉर्ड पाकिस्तान सुपर लीग (पीसीएल) में शानदार रहा है, जहां उन्होंने 'लाहौर कलंदर्स' को पिछले 5 सालों में तीन खिताब जिताए हैं।
वर्ल्ड कप तक कौन रहेगा कप्तान?
शाहीन को अगले साल अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक कप्तान के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट में लगातार होने वाले बदलावों के कारण कुछ भी निश्चित नहीं है। यहां तक कि बाबर को भी टेस्ट टीम के साथ लंबा कार्यकाल नहीं दिया गया है। इसी बीच, पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज बासित अली ने भविष्यवाणी की है कि अगले साल वर्ल्ड कप में बाबर ही पाकिस्तान के कप्तान होंगे।
इनपुट: IANS


