मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 276 का लक्ष्य, सूर्यांश शेडगे के अर्धशतक ने टीम को मुश्किल से उबारा

पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में भारत-ए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 275 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। एक समय लड़खड़ाती दिख रही भारतीय पारी…

भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 276 का लक्ष्य, सूर्यांश शेडगे के अर्धशतक ने टीम को मुश्किल से उबारा
(फोटो: IANS)

पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में भारत-ए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 275 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। एक समय लड़खड़ाती दिख रही भारतीय पारी को मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे के शानदार अर्धशतक ने संभाला। उन्होंने विपराज निगम के साथ मिलकर एक अहम साझेदारी की, जिसकी बदौलत टीम 47.3 ओवर में ऑलआउट होने से पहले इस स्कोर तक पहुंच सकी।

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत-ए को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 10.4 ओवर में 83 रन जोड़ दिए। प्रभसिमरन ने 34 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 39 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्या अर्धशतक से महज एक रन से चूक गए और 45 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए।

लड़खड़ाया मध्यक्रम, सूर्यांश बने संकटमोचक

इस मजबूत शुरुआत के बाद भारतीय मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया। देवदत्त पडिक्कल (2), पिछले मैच के हीरो रजत पाटीदार (3) और निशांत सिंधु (5) सस्ते में पवेलियन लौट गए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 57 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हो गए। 159 रन पर 6 विकेट गंवाकर टीम मुश्किल में थी।

इसके बाद सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 77 गेंदों में 85 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। विपराज ने 44 गेंदों पर 40 रन बनाए, वहीं सूर्यांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली। अंत में अनुकूल रॉय 13 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया-ए की तरफ से विल सदरलैंड और बेन ड्वार्शुइस ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि लियाम स्कॉट को दो सफलताएं मिलीं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →