जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रमुख मुखुहलानी को मिली ICC में बड़ी ज़िम्मेदारी, बनेंगे नए डिप्टी चेयरमैन
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नेतृत्व में एक अहम बदलाव हुआ है। जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन टावेंगवा मुखुहलानी को ICC का नया डिप्टी चेयरमैन नियुक्त किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नेतृत्व में एक अहम बदलाव हुआ है। जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन टावेंगवा मुखुहलानी को ICC का नया डिप्टी चेयरमैन नियुक्त किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह इमरान ख्वाजा की जगह लेंगे और नवंबर 2027 तक इस पद पर अपनी सेवाएं देंगे। इस नियुक्ति के साथ ही वह यह प्रतिष्ठित पद संभालने वाले जिम्बाब्वे के पहले व्यक्ति बन गए हैं।
मुखुहलानी की यह नई भूमिका अफ्रीकी क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर आई है, क्योंकि जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर 2027 के पुरुष क्रिकेट विश्व कप की सह-मेजबानी की तैयारी कर रहा है। 24 वर्षों में पहली बार यह टूर्नामेंट अफ्रीका लौट रहा है, और उम्मीद है कि जिम्बाब्वे क्रिकेट में मुखुहलानी का नेतृत्व और क्षेत्रीय अनुभव इस आयोजन के लिए अहम साबित होगा।
जय शाह के साथ मिलकर करेंगे काम
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए मुखुहलानी ने कहा, "मेरे साथी आईसीसी बोर्ड डायरेक्टरों ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।" उन्होंने चेयरमैन जय शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, "मैं हमारे चेयरमैन जय शाह के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं, जिनकी लीडरशिप, ऊर्जा और महत्वाकांक्षा ने आईसीसी को एक स्पष्ट मकसद दिया है।" उन्होंने ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी और खेल के वैश्विक विस्तार को एक रोमांचक दौर बताया।
आईसीसी चेयरमैन ने दी बधाई
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने मुखुहलानी को बधाई देते हुए उनके अनुभव को बोर्ड के लिए बहुमूल्य बताया। उन्होंने कहा, "मैं आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन के तौर पर चुने जाने पर टावेंगवा मुखुहलानी को दिल से बधाई देता हूं। क्रिकेट प्रशासन में उनका अनुभव, वैश्विक खेल की समझ और इसके विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आईसीसी बोर्ड के लिए बहुत कीमती होगी।" शाह ने आगे कहा कि वह मुखुहलानी के साथ मिलकर सदस्य देशों में क्रिकेट को मजबूत करने और दुनिया भर में खेल के विकास के अवसर बनाने के लिए काम करेंगे।
ICC में मुखुहलानी की अन्य भूमिकाएँ: डिप्टी चेयरमैन बनने से पहले भी मुखुहलानी ICC में कई महत्वपूर्ण पदों पर सक्रिय रहे हैं। वह ICC की फाइनेंस एंड कमर्शियल अफेयर्स (एफ एंड सीए) कमेटी और नॉमिनेशन कमेटी के सदस्य हैं। इसके अलावा, वह आईसीसी की एचआर और रेमुनरेशन कमेटी के प्रमुख भी हैं।
इनपुट: IANS


