साउथ अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार, डेविड वॉर्नर बोले- 'टीम में लड़ने का जज्बा ही नहीं दिखा'
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की करारी हार के बाद टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस प्रदर्शन को 'शर्मनाक' और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट…
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की करारी हार के बाद टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस प्रदर्शन को 'शर्मनाक' और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट मूल्यों के खिलाफ बताया है। केपटाउन टेस्ट में 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई, जिससे साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
इस नतीजे का असर टीम की रैंकिंग पर भी पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका आईसीसी पुरुष टेस्ट टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में खिसककर तीसरे नंबर पर आ गया है। 1,300 से ज्यादा दिनों में यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया को किसी टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।
'यह ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ है'
वॉर्नर ने 'फॉक्स स्पोर्ट्स' पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए टीम के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "मैं बहुत निराश हूं। यह बहुत बुरा है। यह ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ है। टीम में लड़ने का कोई जज्बा ही नहीं दिखा। यह शर्मनाक है। 288 रन का लक्ष्य था, आप एक टेस्ट मैच जीत सकते थे, सीरीज जीत सकते थे। सब कुछ दांव पर लगा था। क्या वह इसी तरह खेलते हैं?"
केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। पहले ही ओवर में दो विकेट खोने के बाद टीम ने 18 ओवर में महज 42 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे, जिससे हार लगभग तय हो गई थी।
पूरी सीरीज में बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन
डेविड वॉर्नर ने बल्लेबाजों को इस हार के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह बेहद खराब प्रदर्शन है। पूरी सीरीज में बल्लेबाजों ने गेंदबाजों को निराश किया है। हां, पहले टेस्ट में मैट रेनशॉ ने लड़ने का जज्बा दिखाया था, लेकिन बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन शर्मनाक रहा।" डरबन में मैट रेनशॉ की बदौलत मिली शानदार जीत के साथ शुरू हुआ यह दौरा केपटाउन में एक निराशाजनक अंत पर खत्म हुआ।
दिलचस्प बात यह है कि तीनों ही टेस्ट मैचों में जीतने वाली टीम ने शुरुआती मुश्किलों से उबरकर वापसी की। डरबन में ऑस्ट्रेलिया 124/6 से उबरकर 390 रन तक पहुंचा और 214 रनों से जीता। वहीं, गेबेरहा में साउथ अफ्रीका ने 110/6 के स्कोर से 425/9 (पारी घोषित) बनाकर पारी और 31 रनों से जीत दर्ज की थी।
इनपुट: IANS


