टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया मोड़: आरोपी की मां का दावा- 'बेटे को पैसों का लालच देकर फंसाया गया'
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस केस में गिरफ्तार एक आरोपी रेहान की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे को पैसों का लालच देकर इस मामले में फंसाया गया है…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस केस में गिरफ्तार एक आरोपी रेहान की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे को पैसों का लालच देकर इस मामले में फंसाया गया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, सोनीपत में मीडिया से बात करते हुए आरोपी की मां ने कहा कि उनका बेटा पिछले 20-22 दिनों से लापता था और परिवार उसे लगातार ढूंढ रहा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले किसी ने रेहान को एक साल में 2 लाख रुपये देने का लालच दिया था। रेहान की मां के मुताबिक, जब बेटे ने उन्हें यह बात बताई तो उन्होंने उसे समझाया था कि लालच में पड़ना गलत है और वे मेहनत करके इज्जत की रोटी खाएंगे। उनका कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका बेटा ऐसे किसी मामले में शामिल हो सकता है।
नशे और दबाव का आरोप
आरोपी की मां ने एक बड़े गैंग का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसी गैंग ने रेहान को नशीली चीज खिलाई और उसका मोबाइल छीन लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे पर यह काम करने के लिए दबाव बनाया गया था। हालांकि, पुलिस अभी इन सभी दावों की जांच कर रही है।
पूछताछ के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, "हमसे सवाल किए गए कि तुम्हारा बेटा वहां कैसे पहुंचा... मैंने कहा कि रेहान के पास न तो किराया था और न ही दूसरी जरूरी चीजों के लिए पर्याप्त पैसे थे। हमें यह भी जानकारी नहीं थी कि हमारा बेटा आखिर कहां चला गया है।"
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम को टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार से निकल रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई। इस मामले में पुलिस ने रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया था, जिन पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप हैं।
मुंबई पुलिस को घटनास्थल से पांच खाली और दो जिंदा कारतूस मिले थे। पुलिस का कहना है कि रेहान की बंदूक जाम हो गई थी, जिस वजह से दो जिंदा कारतूस नीचे गिर गए। शुरुआत में फूल सिंह को नाबालिग समझा जा रहा था, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह वयस्क है और उसी ने पांच राउंड फायर किए थे।
इनपुट: IANS


