लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर आयुष्मान और तुषार कपूर को धमकी, बेंगलुरु से IT इंजीनियर गिरफ्तार
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत कई लोगों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकाने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत कई लोगों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकाने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सिलसिले में बेंगलुरु से एक आईटी इंजीनियर को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है और उस पर ऑडियो मैसेज भेजकर डराने-धमकाने का आरोप है।
यह मामला तब सामने आया जब कई बॉलीवुड हस्तियों और कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने लगे। वैभव मिश्रा पर आरोप है कि वह खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर लोगों को डराता था और उनसे मोटी रकम की मांग करता था।
क्या था पूरा मामला?
जांच के अनुसार, अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो संदेश मिला था, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की थी। इसी तरह, तुषार कपूर को भी एक धमकी भरा ऑडियो मिला, जिसमें भेजने वाले ने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया और 5 करोड़ रुपये मांगे। तुषार ने तुरंत इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दी गई।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस की साइबर सेल लगातार संदेश भेजने वाले नंबर और उसकी लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। इसके अलावा, जांच टीम ऑडियो में मौजूद आवाज़ का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से भी कर रही थी। इन्हीं तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस बेंगलुरु में वैभव मिश्रा तक पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वैभव ने और किन-किन लोगों को निशाना बनाया, उसके इस काम के पीछे का मकसद क्या था और क्या वह किसी और गिरोह के कहने पर काम कर रहा था।
इनपुट: IANS


