U-17 कुश्ती: सितेंदर ने रचा इतिहास, भारत ने 13 मेडल के साथ खत्म किया वर्ल्ड चैंपियनशिप का सफर
भारत के युवा पहलवानों ने बाकू में हुई अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदकों पर कब्जा जमाया है। इस अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण 17 वर्षीय सितेंदर मलिक रहे, जिन्होंने न…
भारत के युवा पहलवानों ने बाकू में हुई अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदकों पर कब्जा जमाया है। इस अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण 17 वर्षीय सितेंदर मलिक रहे, जिन्होंने न सिर्फ अपना वर्ल्ड टाइटल सफलतापूर्वक बचाया, बल्कि दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता सुशील कुमार के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतियोगिता के आखिरी दिन भारत ने तीन और पदक अपने नाम किए, जिसके साथ पुरुष और महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती में देश के पदकों की कुल संख्या 13 हो गई। सितेंदर दो अंडर-17 (कैडेट) वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले सुशील कुमार (1998, 1999) के बाद दूसरे भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवान बन गए हैं।
सितेंदर का ऐतिहासिक गोल्ड
अजरबैजान के बाकू में हुए इस टूर्नामेंट में 60 किलोग्राम भार वर्ग के बेहद कड़े फाइनल में सितेंदर का सामना रूस के सर्गेई कर्मरियन से हुआ। युवा भारतीय पहलवान ने बेहतरीन संयम और सटीक रणनीति का प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला 3-1 से जीता और लगातार दूसरे साल गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
आखिरी दिन दो और ब्रॉन्ज
चैंपियनशिप के आखिरी दिन भारत को दो और कांस्य पदक मिले। 45 किलोग्राम वर्ग में, हनुमंत राजेंद्र जाधव ने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में ईरान के महदी दावूद डमरचेली को 7-1 के बड़े अंतर से मात दी। वहीं, 92 किलोग्राम वर्ग में सक्षम ने भी ईरान के पहलवान मोहम्मद रजा बेहरांग इसाजादेह को एक करीबी मुकाबले में 3-2 से हराकर कांस्य पदक जीता।
U-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पदक विजेता
पुरुष फ्रीस्टाइल:
- गोल्ड: सितेंदर (60 किग्रा)
- सिल्वर: आर्यन (48 किग्रा)
- ब्रॉन्ज: हनुमंत राजेंद्र जाधव (45 किग्रा), प्रथमेश सूर्यकांत पाटिल (55 किग्रा), सक्षम (92 किग्रा), अरुष राणा (110 किग्रा)
महिला कुश्ती:
- सिल्वर: संध्या विश्नोई (46 किग्रा), अक्षरा (53 किग्रा), निकिता सहरावत (57 किग्रा)
- ब्रॉन्ज: कामना बबल (49 किग्रा), अवांशिका (61 किग्रा), तान्या (69 किग्रा), गरिमा (73 किग्रा)
इनपुट: IANS


