वर्ल्ड एथलेटिक्स U20: मोहम्मद अशफ़ाक़ ने नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर 400 मीटर फाइनल में बनाई जगह
भारतीय एथलीट मोहम्मद अशफ़ाक़ ने यूजीन में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस दौरान उन्होंने…
भारतीय एथलीट मोहम्मद अशफ़ाक़ ने यूजीन में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस दौरान उन्होंने अपना ही राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी बेहतर किया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, 19 वर्षीय अशफ़ाक़ ने हीट 5 में 45.81 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। यह प्रदर्शन अप्रैल में बेंगलुरु में हुए अंडर-20 फेडरेशन कप में बनाए गए उनके 46.05 सेकंड के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर था। इसके बाद सेमीफाइनल हीट 3 में उन्होंने 46.00 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।
कई भारतीय एथलीटों को मिली निराशा
हालांकि, चैंपियनशिप में अन्य भारतीय एथलीटों के लिए दिन मिला-जुला रहा। 400 मीटर दौड़ में ही अशफ़ाक़ के साथी खिलाड़ी पीयूष राज 47.78 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। इसी तरह महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स में तनु चौधरी 1:00.03 के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स में अमित कुमार 54.01 सेकंड के साथ अपनी हीट में सबसे पीछे रहे।
फील्ड इवेंट्स में मिला-जुला प्रदर्शन
पुरुषों की ऊंची कूद में बसंत ने 2.14 मीटर की छलांग लगाकर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया, जबकि इसी स्पर्धा में के. अम्ब्रीश 2.05 मीटर के साथ क्वालिफाई नहीं कर पाए। महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में अमानत कंबोज ने 53.24 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ छठा स्थान हासिल किया।
वहीं, कुछ अन्य स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी। महिलाओं के शॉट पुट में अंशु 15.24 मीटर की थ्रो के साथ फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। पुरुषों की ट्रिपल जंप में धनुष राज (14.71 मीटर) और पी. रॉयशन (15.20 मीटर) भी फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए।
इनपुट: IANS


