शेफाली वर्मा को मिली उप-कप्तानी की बड़ी ज़िम्मेदारी, चैंपियंस ट्रॉफी पर नज़रें
भारतीय महिला टी20 टीम की नवनियुक्त उप-कप्तान शेफाली वर्मा ने कहा है कि उनका लक्ष्य टीम में हर खिलाड़ी को सहज महसूस कराना और कप्तान की मदद करना है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शेफाली ने उप-कप्तानी…
भारतीय महिला टी20 टीम की नवनियुक्त उप-कप्तान शेफाली वर्मा ने कहा है कि उनका लक्ष्य टीम में हर खिलाड़ी को सहज महसूस कराना और कप्तान की मदद करना है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शेफाली ने उप-कप्तानी को एक बड़ी ज़िम्मेदारी बताया और टीम के भविष्य के लक्ष्यों पर भी बात की।
शुक्रवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने वाली है। इसी सीरीज के पहले मैच से पूर्व एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेफाली ने कहा, "उप-कप्तानी की बात करें तो, मैंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में कप्तानी भी की है, इसलिए मेरे पास इसका अनुभव है। मुझे पता है कि उप-कप्तानी सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। हमें हर एक खिलाड़ी का ख्याल रखना है और यह सुनिश्चित करना है कि वे मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार और सहज रहें। मैं बस यही कोशिश कर रही हूं कि हर खिलाड़ी सहज महसूस करे और कप्तान की मदद कर सकूं।"
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए निडर क्रिकेट का लक्ष्य
भारतीय टीम फरवरी 2027 में मुंबई और वडोदरा में होने वाली छह टीमों की चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी कर रही है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली टीम का लक्ष्य निडर और समझदारी भरा क्रिकेट खेलना है। शेफाली ने बताया, "सबसे पहली बात, हमें टी20 में निडर होकर और समझदारी के साथ क्रिकेट खेलना है। हमने इस सीरीज में भी यही बात की है कि हमें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए निडर और समझदारी भरा क्रिकेट खेलना है। हमने इसके लिए कई बैठकें भी की हैं।"
हरमनप्रीत कौर के योगदान को सराहा
शेफाली वर्मा ने महिला क्रिकेट को आज के मुकाम तक पहुँचाने का श्रेय पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर को दिया। उन्होंने कहा, "हरमन दी ने महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। आज महिला क्रिकेट जिस मुकाम पर है, वह पूरी तरह से हरमन दी की ही देन है। इसके लिए उन्हें धन्यवाद।" उन्होंने यह भी बताया कि टीम लगातार सुधार कर रही है और हर सीरीज के साथ आगे बढ़ने की कोशिश में है।
इनपुट: IANS


