यूएस ओपन: शानदार लय में ज्वेरेव, डार्डेरी को सीधे सेटों में हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
जर्मनी के टेनिस स्टार एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने यूएस ओपन 2026 में अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एकतरफा मुकाबले में उन्होंने इटली के लुसियानो डार्डेरी को…
जर्मनी के टेनिस स्टार एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने यूएस ओपन 2026 में अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एकतरफा मुकाबले में उन्होंने इटली के लुसियानो डार्डेरी को 6-2, 6-2, 7-6(3) से मात दी। इस जीत के साथ ही ज्वेरेव 2026 में सभी चार ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ज्वेरेव ने अपनी दमदार सर्व और बेसलाइन हिटिंग का शानदार इस्तेमाल करते हुए डार्डेरी पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा।
पहले दो सेट में ज्वेरेव का दबदबा
मैच की शुरुआत से ही ज्वेरेव पूरी तरह नियंत्रण में दिखे। 21वीं सीड डार्डेरी ने पहले सेट में थोड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश की, लेकिन जर्मन खिलाड़ी ने आसानी से सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में ज्वेरेव और भी आक्रामक दिखे। डार्डेरी के एक खराब ड्रॉप शॉट का फायदा उठाकर उन्होंने 4-0 की बढ़त बना ली और बड़ी आसानी से दूसरा सेट भी जीत लिया।
तीसरे सेट में डार्डेरी की वापसी की कोशिश
तीसरे सेट में इतालवी खिलाड़ी ने लय हासिल करने में कामयाबी पाई। उनकी दमदार पहली सर्व और ड्रॉप शॉट्स ने ज्वेरेव के लिए कुछ मुश्किलें खड़ी कीं और उन्हें कड़ी मेहनत करने पर मजबूर किया। हालांकि, ज्वेरेव ने धैर्य नहीं खोया और अहम मौकों पर संयम दिखाते हुए टाई-ब्रेकर में तीसरा सेट भी जीत लिया।
जीत के बाद ज्वेरेव ने अपने प्रतिद्वंद्वी की तारीफ करते हुए कहा, "मुझे लगा कि मेरा स्तर एक जैसा था। उन्होंने तीसरे सेट में बहुत अच्छा खेलना शुरू किया। मैंने मुश्किल से ही किसी को गेंद को इतनी जोर से मारते देखा जितना उन्होंने पूरे सेट में लगातार किया, इसलिए इसका श्रेय उन्हें जाता है।"
अब क्वार्टर फाइनल में इनसे होगी भिड़ंत
क्वार्टर फाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव का सामना नीदरलैंड के बोटिक वैन डे जैंडशुल्प से होगा। बोटिक ने अपने चौथे दौर के मैच में आर्थर गाअे के खिलाफ पहले दो सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
इनपुट: IANS


