वरुण चक्रवर्ती ने T20 में पूरा किया अर्धशतक, जानें कौन हैं सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपने अंतरराष्ट्रीय T20 करियर में एक अहम मुकाम हासिल कर लिया है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले जा रहे दौरे के पांचवें T20 मैच में उतरते ही उन्होंने अपना 50वां…
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपने अंतरराष्ट्रीय T20 करियर में एक अहम मुकाम हासिल कर लिया है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले जा रहे दौरे के पांचवें T20 मैच में उतरते ही उन्होंने अपना 50वां अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबला पूरा किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वरुण यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के 28वें खिलाड़ी बन गए हैं।
25 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ़ अपने T20 करियर की शुरुआत करने वाले वरुण चक्रवर्ती ने इस मैच से पहले 49 मैचों में 75 विकेट अपने नाम किए थे। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए 4 एकदिवसीय मैच भी खेले हैं, जिसमें उनके नाम 10 विकेट दर्ज हैं। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
सबसे ज़्यादा T20 मैच खेलने वाले भारतीय
भारत के लिए सबसे ज़्यादा T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 2007 से 2024 के बीच कुल 159 मैच खेले। इस सूची में उनके बाद हार्दिक पंड्या (138 मैच), विराट कोहली (125 मैच), अक्षर पटेल (116 मैच) और सूर्यकुमार यादव (113 मैच) का नंबर आता है।
विश्व रिकॉर्ड किसके नाम?
अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज़्यादा T20 मैच खेलने की बात करें तो यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से इंग्लैंड के जोस बटलर और आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग के नाम है। दोनों ने 163-163 मैच खेले हैं। इस लिस्ट में आयरलैंड के ही जॉर्ज डॉकरेल और भारत के रोहित शर्मा 159-159 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 150 से ज़्यादा मैच खेलने वाले अन्य खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी (155) और इंग्लैंड के आदिल रशीद (153) शामिल हैं।
इनपुट: IANS


