चोट से वापसी: नवीन-उल-हक ने सुनाई अपनी दर्दभरी कहानी, बोले- 'छह हफ्तों तक बैठकर सोना पड़ा'
लगभग दो साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले उन्होंने चोट के बाद अपनी मुश्किल रिकवरी…
लगभग दो साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले उन्होंने चोट के बाद अपनी मुश्किल रिकवरी के अनुभव को साझा किया है, जिसमें एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें छह हफ्तों तक बैठकर सोना पड़ा था। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय नवीन लगातार चोटों से जूझ रहे थे, जिसमें उनके दाहिने कंधे का स्ट्रेस फ्रैक्चर भी शामिल था।
इसी चोट के कारण वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए अफगान टीम से बाहर हो गए थे। अब पूरी तरह फिट होकर वह टीम में अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला टी20 मुकाबला रविवार (13 सितंबर) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है।
मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण था रिकवरी का दौर
नवीन ने अपने रिहैबिलिटेशन के दिनों को याद करते हुए उसे मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण और अकेलापन भरा बताया। उन्होंने क्रिकइन्फो को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "यह अकेलापन भरा होता है। किसी भी व्यक्ति के लिए यह बहुत मुश्किल समय होता है। स्ट्रेस फ्रैक्चर तो आठ से दस हफ्तों में अपने आप ठीक हो गया था। मगर मुझे लैबरम रिपेयर के लिए दूसरी सर्जरी करवानी पड़ी। यूके में रिहैब के शुरुआती छह हफ्तों तक मुझे बैठकर सोना पड़ता था।"
टीम में वापसी और भविष्य की राह
नवीन ने 2016 में महज 17 साल की उम्र में अफगानिस्तान के लिए डेब्यू किया था और जल्द ही डेथ ओवरों के विशेषज्ञ गेंदबाज बन गए। उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 में टीम को पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने 12.30 की औसत से 13 विकेट लिए थे। चोटों के कारण ही उन्होंने 2023 में वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
अब उनका पूरा ध्यान टी20 क्रिकेट पर है। नवीन ने कहा, "हमें जितना हो सके उतना क्रिकेट खेलना चाहिए, लेकिन एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा... हमें खेलना है, मैदान पर उतरना है और उस दबाव को महसूस करना है।" उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा टीम के कई खिलाड़ी 2018 के अंडर-19 बैच से एक साथ खेलते आ रहे हैं, जिससे टीम में मजबूत तालमेल है।
इनपुट: IANS


