शराब पीकर गाड़ी चलाने का जुर्म कबूला, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर की मुश्किलें बढ़ीं
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर ने सिडनी की एक अदालत में शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप स्वीकार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में सज़ा का ऐलान 18 अगस्त को किया…
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर ने सिडनी की एक अदालत में शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप स्वीकार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में सज़ा का ऐलान 18 अगस्त को किया जाएगा। वॉर्नर के इस कबूलनामे के बाद बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के कप्तान के तौर पर उनकी भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना 5 अप्रैल, ईस्टर रविवार की है, जब वॉर्नर एक वैन चला रहे थे। पुलिस ने उन्हें एक रैंडम ब्रीथ टेस्ट पॉइंट से कुछ पहले रोका और सड़क किनारे उनका श्वास परीक्षण किया। जांच में उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा कानूनी सीमा से दोगुनी से भी ज़्यादा पाई गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
अदालत में क्या हुआ?
बुधवार को हुई अदालती कार्रवाई के दौरान वॉर्नर खुद पेश नहीं हुए। उनकी ओर से उनके वकील बॉबी हिल ने अदालत में औपचारिक रूप से दोष स्वीकार किया। वकील ने इस साल की शुरुआत में एक सुनवाई के दौरान कहा था, "हम में से बहुत से लोग ऐसे गलत फैसले लेते हैं... यह मानना और उनके लिए जवाबदेह होना जरूरी है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप एक ट्रेड्समैन हैं, एक डॉक्टर हैं या दुनिया के सबसे अच्छे ओपनिंग बैट्समैन में से एक हैं... वह जानते हैं कि उन्होंने जो किया वह गलत था।"
कितनी हो सकती है सज़ा?
मौजूदा ट्रैफिक कानूनों के तहत, डेविड वॉर्नर पर कम से कम छह महीने का ड्राइविंग प्रतिबंध लग सकता है। इसके अलावा, उन पर 2,200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना या गंभीर मामलों में अधिकतम नौ महीने की जेल की सज़ा भी हो सकती है। कोर्ट इस मामले में अपना अंतिम फैसला 18 अगस्त को सुनाएगा।
क्रिकेट बोर्ड का रुख
क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (NSW) ने इन आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया है। संगठन के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा था कि क्रिकेट NSW हमेशा सुरक्षित ड्राइविंग का समर्थन करता है और शराब पीकर गाड़ी चलाने के सख्त खिलाफ है। गौरतलब है कि सिडनी थंडर और सिडनी सिक्सर्स जैसी टीमें भी राज्य सरकार के सुरक्षित ड्राइविंग जागरूकता अभियान का हिस्सा हैं।
इनपुट: IANS


