एशिया कप जीत के जश्न में लगा झटका, भारतीय गेंदबाज़ क्रांति गौड़ पर ICC ने लगाया जुर्माना
विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका पर शानदार जीत के बावजूद भारतीय टीम की एक खिलाड़ी पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, तेज…
विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका पर शानदार जीत के बावजूद भारतीय टीम की एक खिलाड़ी पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
यह घटना रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले के दौरान हुई, जिसे भारत ने 72 रनों से जीता था। ICC ने सोमवार को एक बयान में बताया कि क्रांति गौड़ ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बनी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकत या इशारे के इस्तेमाल से जुड़ा है, जो अपमानजनक हो या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़का सकता हो।
क्या था पूरा मामला?
यह वाकया श्रीलंका की पारी के शुरुआती ओवर में ही हुआ था। क्रांति ने श्रीलंकाई ओपनर इमेशा दुलानी को बोल्ड करने के बाद उन्हें पवेलियन की तरफ जाने का इशारा किया था। इस हरकत के लिए उन पर जुर्माना तो लगा ही, साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया। यह पिछले 24 महीनों में उनका पहला ऐसा अपराध था।
क्रांति पर यह आरोप मैदानी अंपायर सलीमा इम्तियाज और शथिरा जाकिर जेसी ने लगाए थे, जिसमें तीसरे अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथे अंपायर हुमैरा फराह भी शामिल थे। बाद में आईसीसी इंटरनेशनल पैनल की मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास ने यह सजा तय की। क्रांति ने अपनी गलती और सजा दोनों स्वीकार कर ली, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
पाकिस्तान टीम पर भी लगा जुर्माना
एक अन्य फैसले में, पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम पर भी धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में हार के दौरान पाकिस्तानी टीम तय समय में लक्ष्य से एक ओवर पीछे रह गई थी। इसके लिए टीम के सभी खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने भी अपनी गलती स्वीकार कर ली।
इनपुट: IANS


