स्मृति मंधाना इतिहास रचने की दहलीज पर, T20 क्रिकेट में नंबर-1 बनने के लिए बस 69 रनों की दरकार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं। विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ 69 रन बना लेती हैं, तो वह महिला T20…
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं। विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ 69 रन बना लेती हैं, तो वह महिला T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन जाएंगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कीर्तिमान के साथ मंधाना न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स को पीछे छोड़ देंगी।
फिलहाल, महिला T20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड सूजी बेट्स के नाम है, जिन्होंने 186 मैचों में 28.83 की औसत से 4,758 रन बनाए हैं। वहीं, स्मृति मंधाना 174 T20 मुकाबलों में 30.65 की औसत से 4,690 रन बनाकर दूसरे स्थान पर काबिज हैं। इस सूची में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 205 मैचों में 4,249 रनों के साथ तीसरे और श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू 168 मैचों में 4,095 रनों के साथ चौथे पायदान पर हैं।
एशिया कप में मंधाना का शानदार फॉर्म
मंधाना इस समय जबरदस्त फॉर्म में चल रही हैं और विमेंस एशिया कप 2026 में अब तक की शीर्ष स्कोरर हैं। उन्होंने 3 मुकाबलों में 50.67 की शानदार औसत से 152 रन बनाए हैं। वह इस टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाली एकमात्र बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने हांगकांग, चीन के खिलाफ 64 गेंदों पर 14 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 124 रनों की तूफानी पारी खेली थी। अपने T20 करियर में मंधाना अब तक 2 शतक और 35 अर्धशतक लगा चुकी हैं, जिसमें 634 चौके और 95 छक्के शामिल हैं।
बांग्लादेश पर भारत का दबदबा
आगामी सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 24 T20 मैचों में से 21 में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि बांग्लादेश को सिर्फ 3 में सफलता मिली है। भारत ने सितंबर 2023 से बांग्लादेश के खिलाफ अपने सभी 8 T20 मैच जीते हैं। भारत का लक्ष्य इस टूर्नामेंट को जीतकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम करना है। 'विमेन इन ब्लू' ने चार बार वनडे और तीन बार T20 फॉर्मेट में यह खिताब जीता है।
इनपुट: IANS


