जम्मू-कश्मीर के नाहिद अली ने वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में जीता दोहरा स्वर्ण, देश को दिलाए तीन मेडल
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के खिलाड़ी नाहिद अली चौधरी ने फिलीपींस में आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का परचम लहराया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के खिलाड़ी नाहिद अली चौधरी ने फिलीपींस में आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का परचम लहराया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नाहिद ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के 18वें संस्करण में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
नाहिद ने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लिया था। पहले इवेंट में उन्होंने फिलीपींस, अमेरिका और थाईलैंड के मजबूत खिलाड़ियों को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए उन्होंने दूसरे इवेंट में भी यही उपलब्धि दोहराई और एक और स्वर्ण पदक जीता। तीसरे इवेंट में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा, जहाँ उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।
माता-पिता और कोच को दिया श्रेय
इस ऐतिहासिक जीत के बाद नाहिद अली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच अमन वर्मा को दिया। उन्होंने कहा, "मैं आज जिस मुकाम पर हूँ, वह मेरे माता-पिता के समर्थन और कोच अमन वर्मा के मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं था।" नाहिद ने भविष्य में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का संकल्प जताया और युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में करियर बनाने की अपील की।
परिवार और गाँव में गर्व का माहौल
नाहिद की इस उपलब्धि पर उनका परिवार बेहद गौरवान्वित है। उनकी माँ निशाद बीवी ने बताया कि बेटे की सफलता पर उन्हें बहुत गर्व है और नाहिद ने इस स्तर तक पहुँचने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, "उसकी बचपन से ही खेलों में गहरी रुचि थी। खुशी है कि उसके पिता देश की सेवा कर रहे हैं और बेटा देश के लिए पदक ला रहा है।" नाहिद के बड़े भाई हमीद चौधरी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह न केवल परिवार, बल्कि पूरे गाँव के लिए गर्व का क्षण है।
इनपुट: IANS


