एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत की शानदार शुरुआत, चीन को 5-2 से दी करारी शिकस्त
जालंधर में खेले जा रहे एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीन पर 5-2 की शानदार जीत दर्ज की। गुरुवार को ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में हुए इस मैच…
जालंधर में खेले जा रहे एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीन पर 5-2 की शानदार जीत दर्ज की। गुरुवार को ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में हुए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने दो-दो गोल दागकर टीम की जीत की नींव रखी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की तरफ से पहला गोल 12वें मिनट में सुखजीत सिंह ने किया। हालांकि, चीन के पेंग यांग ने 26वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके तुरंत बाद, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में अपने ड्रैग-फ्लिक का कमाल दिखाया और पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर भारत को फिर बढ़त दिला दी।
भारत का दमदार प्रदर्शन
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। हरमनप्रीत ने 31वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसके बाद 34वें मिनट में सुखजीत सिंह ने अपना दूसरा फील्ड गोल किया। चीन ने 36वें मिनट में चोंगकोंग चेन के पेनाल्टी कॉर्नर गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की 5-2 से जीत सुनिश्चित कर दी।
दिन के अन्य मुकाबले
इसी टूर्नामेंट में हुए अन्य मैचों में मलेशिया और जापान ने भी जीत हासिल की। दिन के पहले मैच में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। मलेशिया के लिए अजीमुद्दीन कमरुद्दीन (10वें मिनट), मोहम्मद अखिमुल्लाह अनवर एसूक (36वें मिनट) और फैसल बिन सारी (50वें मिनट) ने गोल किए। वहीं, एक अन्य कड़े मुकाबले में जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से मात दी। जापान के लिए एकमात्र गोल राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए किया।
पंजाब को मेजबानी पर गर्व
भारत और चीन के बीच हुए इस रोमांचक मैच को देखने के लिए पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री, गुरमीत सिंह खुड्डियां भी स्टेडियम में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। खुड्डियां ने पंजाब को देश का 'हॉकी पावरहाउस' बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इनपुट: IANS


