MMA: पुलवामा के ओवैस याकूब ने रचा इतिहास, दो बार के अजेय वर्ल्ड चैंपियन को 4 मिनट में हराया
भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले फाइटर ओवैस याकूब ने बुल्गारिया में एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए दो बार के वर्ल्ड…
भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले फाइटर ओवैस याकूब ने बुल्गारिया में एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए दो बार के वर्ल्ड चैंपियन डेलियन जॉर्जीव को धूल चटा दी। शनिवार को हुए इस मुकाबले में याकूब ने अपने से कहीं ज़्यादा अनुभवी और अब तक अजेय रहे जॉर्जीव को सिर्फ़ चार मिनट के भीतर तकनीकी नॉकआउट से हरा दिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह शानदार जीत ब्रेव कॉम्बैट फेडरेशन 107 इवेंट में हुई। इस बड़ी उपलब्धि पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ओवैस याकूब को बधाई दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर जारी एक बयान में कहा गया, "मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के प्रतिभाशाली एमएमए फाइटर ओवैस याकूब को बुल्गारिया में मिली शानदार जीत पर बधाई दी।" बयान में इस जीत को "जम्मू-कश्मीर और देश के लिए गर्व का क्षण" बताते हुए याकूब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
पहले ही राउंड में दबदबा और निर्णायक जीत
68 किलोग्राम के कैचवेट मुकाबले में ओवैस याकूब शुरू से ही बुल्गारिया के फाइटर पर हावी रहे। उन्होंने जॉर्जीव को वापसी का कोई भी मौका नहीं दिया और अपने दमदार प्रहारों से उन्हें लगातार बैकफुट पर रखा। दिलचस्प बात यह है कि याकूब ने रिंग में उतरने के साथ ही यह भविष्यवाणी कर दी थी कि वह पहले ही राउंड में मैच खत्म कर देंगे, और उन्होंने अपने प्रदर्शन से इसे सच साबित कर दिखाया। मैच खत्म होते ही उन्होंने रिंग की जाली पर चढ़कर अपनी जीत का जश्न मनाया।
रिकॉर्ड पर एक नज़र
इस जीत के साथ ओवैस याकूब ने अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखते हुए लगातार छठी जीत हासिल की है। वहीं, दो बार के IMMAF वर्ल्ड चैंपियन रहे डेलियन जॉर्जीव के पेशेवर करियर की यह पहली हार है। इस मुकाबले को भारतीय MMA के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
इनपुट: IANS


