वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश: भारतीय पुरुष टीम सेमीफाइनल में, इंग्लैंड को दी मात; महिला टीम का सफर खत्म
ओंटारियो में चल रही वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड जैसी…
ओंटारियो में चल रही वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन महिला टीम को अमेरिका के हाथों 1-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम ने तीसरी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। आर्यवीर दीवान ने रोनी हिकलिंग को 11-9, 12-10, 11-5 से हराकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, युशा नफीस को इस्माइल खलील के खिलाफ 11-7, 8-11, 11-4, 13-11, 11-7 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे मुकाबला 1-1 की बराबरी पर आ गया।
गुरवीर के दमदार खेल से मिली जीत
निर्णायक मैच में गुरवीर सिंह ने जॉर्ज ग्रिफिथ्स पर पूरी तरह से दबदबा बनाया। उन्होंने यह मुकाबला सीधे गेम में 11-3, 11-8, 11-6 से जीतकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया। पिछले सीजन में भी भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। अब अंतिम-चार में भारत का सामना संयुक्त राज्य अमेरिका से होगा, जिसने जापान को हराकर अपनी जगह बनाई है।
महिला टीम की क्वार्टर फाइनल में हार
वहीं, महिला वर्ग में भारतीय टीम को क्वार्टर फाइनल में संयुक्त राज्य अमेरिका से कड़ी टक्कर मिली। मौजूदा वर्ल्ड जूनियर चैंपियन अनाहत सिंह ने दीया यादव को सीधे गेम में 11-7, 11-5, 11-4 से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दी। लेकिन अमेरिकी खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए अगले दोनों मैच जीत लिए। शार्लेट सेज ने रुद्र सिंह को 11-6, 11-4, 11-8 से हराया, जबकि लिली बॉरेल ने अनिका दुबे को 13-11, 11-8, 11-6 से हराकर अमेरिका को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
इनपुट: IANS


