FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026: 1975 की ऐतिहासिक जीत की यादों के साथ मैदान में उतरेगी टीम इंडिया
हॉकी की दुनिया का सबसे बड़ा मंच सज चुका है और भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा है कि 1975 में मिली वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक…
हॉकी की दुनिया का सबसे बड़ा मंच सज चुका है और भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा है कि 1975 में मिली वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत इस बार टीम के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा का स्रोत होगी। बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में शनिवार से FIH पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 शुरू हो रहा है, जिसमें भारत का पहला मुकाबला वेल्स से होगा।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह साल भारतीय हॉकी के लिए बेहद खास है क्योंकि देश अपनी एकमात्र वर्ल्ड कप जीत की 50वीं सालगिरह मना रहा है। कोच फुल्टन ने इसे एक बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा, "यह हमारे लिए एक खास साल है। भारत की वर्ल्ड कप जीत को 50 साल हो गए हैं। वह इतिहास इस कैंपेन के लिए असली प्रेरणा देता है।"
मैच-दर-मैच रणनीति और तैयारी
कोच क्रेग फुल्टन ने टीम की तैयारियों पर जोर देते हुए बताया कि उनका ध्यान लगातार अच्छा प्रदर्शन करने, दबाव में सही निर्णय लेने और अपनी खास 'प्रेस-काउंटर-आउटकम फिलॉसफी' पर टिके रहने पर है। उन्होंने कहा कि टीम एक बार में सिर्फ एक मैच पर ध्यान केंद्रित करेगी ताकि खिताब की दौड़ में खुद को सबसे मजबूत स्थिति में ला सके।
फुल्टन ने खिलाड़ियों के समर्पण की तारीफ करते हुए कहा, "खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता शानदार रही है - वे स्टैंडर्ड तय कर रहे हैं और हर दिन एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हम जानते हैं कि मुकाबला कितना मुश्किल होगा, लेकिन हमें अपने प्रोसेस पर भरोसा है।"
पूल डी का कड़ा मुकाबला
भारत को टूर्नामेंट के पूल डी में रखा गया है, जहाँ उसके साथ इंग्लैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमें भी हैं। भारत का पहला मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में वेल्स के खिलाफ होगा।
इस अहम मुकाबले से पहले वेल्स के हेड कोच डैनी न्यूकॉम्बे ने भी अपनी टीम की तैयारियों पर बात की। उन्होंने कहा, "लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना इस खास ग्रुप की प्रतिबद्धता और क्वालिटी का सबूत है। हमें यहां होने पर गर्व है और हमारा मकसद साफ है, दुनिया की सबसे अच्छी टीमों का मुकाबला करना।"
इनपुट: IANS


