लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक: क्रिकेट क्वालिफायर की तारीखों में बदलाव, जानें क्या है नया शेड्यूल
128 साल के लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहे क्रिकेट खेल के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव किया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए होने…
128 साल के लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहे क्रिकेट खेल के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव किया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए होने वाले क्वालिफायर मुकाबलों को अब 2028 की शुरुआत में कराने का फैसला किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ये क्वालिफायर मुकाबले पहले 2027 में होने थे, लेकिन अब ये ओलंपिक शुरू होने से छह महीने से भी कम समय पहले, जनवरी-फरवरी 2028 में आयोजित होंगे।
लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी एक ऐतिहासिक घटना है, क्योंकि यह खेल आखिरी बार 1900 के पेरिस ओलंपिक में शामिल हुआ था। इस बार पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में छह-छह टीमें टी20 फॉर्मेट में पदक के लिए भिड़ेंगी। क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया भी काफी दिलचस्प है, जिसमें कुछ टीमों को सीधी एंट्री मिलेगी, जबकि आखिरी स्थान के लिए कड़ा मुकाबला होगा।
कैसे मिलेगी टीमों को ओलंपिक में जगह?
महिला वर्ग में चार टीमों ने 2026 के टी20 विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड शामिल हैं। पुरुषों की प्रतियोगिता में, 31 दिसंबर 2026 तक ICC टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से शीर्ष पर रहने वाली टीमों को सीधा प्रवेश मिलेगा।
मेजबान अमेरिका की पुरुष और महिला टीमों के पास भी सीधे क्वालिफाई करने का एक सुनहरा मौका है। अगर वे 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच किसी भी समय टॉप-15 रैंकिंग में आ जाती हैं, तो उन्हें पांचवां ऑटोमैटिक स्लॉट मिल जाएगा। फिलहाल, अमेरिका की पुरुष टीम 13वें स्थान पर है, जिससे उसका क्वालिफिकेशन लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, महिला टीम अभी 19वें पायदान पर है।
नियमों में हुआ यह खास बदलाव
ICC ने अमेरिका की महिला टीम के टॉप-15 में न पहुंच पाने की स्थिति के लिए अपने पुराने नियम को बदल दिया है। 'क्रिकइन्फो' की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले यह पांचवां स्थान 1 मार्च 2027 तक की रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद किसी भी महाद्वीप की नॉन-क्वालिफाइड टीम को मिलना था। लेकिन अब नए नियम के तहत, यह स्थान अगले साल होने वाली 'महिला चैंपियंस ट्रॉफी' में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को दिया जाएगा।
क्वालिफायर से तय होगा आखिरी स्थान
पुरुष और महिला, दोनों ही वर्गों में छठा और आखिरी स्थान क्वालिफायर जीतने वाली टीम को मिलेगा। दोनों वर्गों के क्वालिफायर टूर्नामेंट में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनकी विजेता टीमें ओलंपिक का टिकट हासिल करेंगी। इन आठ टीमों में ऑटोमैटिक क्वालिफाई कर चुकी टीमों के अलावा शीर्ष सात रैंकिंग वाली टीमें और 'कैरेबियन रीजनल क्वालिफायर' की विजेता टीम शामिल होगी। हालांकि, इन मुकाबलों के वेन्यू अभी तय नहीं हुए हैं।
इनपुट: IANS


